राजधानी रायपुर के WRS कॉलोनी में मंगलवार को मिले युवती के शव के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा करने का दावा किया है। मृतका की पहचान टिकरापारा निवासी नंदनी जैन के रूप में हुई है। प्रारंभिक पुलिस जांच के मुताबिक, युवती की हत्या उसके प्रेमी करण तांडी ने की।
जानकारी के अनुसार, WRS कॉलोनी स्थित तालाब के पास युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। युवती की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष बताई जा रही है। उसके गले में रस्सी का फंदा कसा हुआ था, जबकि मुंह में कपड़ा ठूंसा मिला था। शव मिलने की सूचना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
तालाब में शव फेंककर फरार होने का आरोप
सूचना मिलने पर खमतराई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवती की हत्या गला दबाकर की गई थी। इसके बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने की नीयत से WRS कॉलोनी स्थित तालाब में फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।
इंस्टाग्राम से हुई थी दोस्ती
पुलिस जांच के अनुसार, नंदनी जैन और करण तांडी की करीब तीन वर्ष पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती हुई थी। बाद में दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। पुलिस का कहना है कि पिछले कुछ समय से दोनों के बीच बेवफाई को लेकर विवाद चल रहा था।
इसी विवाद के दौरान आरोपी द्वारा युवती की हत्या किए जाने की बात प्रारंभिक जांच में सामने आई है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और आरोपी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस जांच जारी
खमतराई थाना पुलिस ने मामले में घटनास्थल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई है। हत्या की वास्तविक वजह, घटना का पूरा क्रम और आरोपी की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच जारी है। मामले में पुलिस की ओर से आगे और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।