सावन के पवित्र महीने के बीच सोशल मीडिया पर आराध्य देवताओं को लेकर कथित अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला सामने आने के बाद रायपुर में देर रात माहौल गरमा गया। मामले को लेकर भाजपा नेता और पदाधिकारी सिविल लाइन थाना पहुंचे और संबंधित लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर शुरू हुआ विवाद
भाजपा नेताओं के मुताबिक, सोशल मीडिया पर हंसराज गोयल द्वारा आराध्य देवताओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी वाला पोस्ट किया गया। आरोप है कि इस पोस्ट पर अरुण पन्नालाल ने भी अभद्र टिप्पणी की। मामले की जानकारी सामने आने के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई।
बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने किया घर का घेराव
आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में बजरंग दल के कार्यकर्ता भी आक्रोशित नजर आए। कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी करने वाले अरुण पन्नालाल के घर का घेराव किया और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की।
अमित चिमननी बोले- भावनाएं आहत हुई हैं
भाजपा प्रवक्ता अमित चिमननी ने कहा कि वर्तमान में सावन का पवित्र महीना चल रहा है। ऐसे समय में आराध्य देवताओं के खिलाफ इस तरह की अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि टिप्पणी इतनी आपत्तिजनक है कि उसे सार्वजनिक रूप से बोलना भी संभव नहीं है।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने दर्ज की FIR
मामले को लेकर भाजपा नेताओं ने देर रात सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट और टिप्पणियों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।