रायपुर ग्रामीण पुलिस ने सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र में बड़े स्तर पर सरप्राइज चेकिंग एवं सत्यापन अभियान चलाकर श्रमिक बस्तियों, किराए के मकानों और विभिन्न फैक्ट्रियों में रह रहे लोगों के दस्तावेजों की गहन जांच की। अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना तथा बाहरी राज्यों से आकर छिपने वाले अपराधियों की पहचान कर उन पर प्रभावी निगरानी रखना था।
श्रमिकों के दस्तावेजों की हुई जांच
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश और राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों से आए श्रमिकों का सत्यापन किया। पुलिस ने उनके पहचान पत्र, निवास संबंधी दस्तावेज और अन्य आवश्यक जानकारियों की जांच कर उपलब्ध रिकॉर्ड से उनका मिलान किया।
किरायेदारों का अनिवार्य सत्यापन कराने की अपील
पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र के मकान मालिकों और उद्योग प्रबंधन से किरायेदारों एवं कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने की अपील की। साथ ही सभी संबंधित दस्तावेज सुरक्षित रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की समझाइश दी गई।
पुलिस का कहना है कि ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे और अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।