नई दिल्ली - Apple के नए iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max की भारत में बिक्री शुरू होते ही ग्राहकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। 18 सितंबर को दिल्ली, मुंबई, नोएडा और बेंगलुरु समेत कई शहरों में Apple Stores के बाहर ग्राहकों की लंबी कतारें नजर आईं। कई लोग सुबह से ही अपने पसंदीदा मॉडल को खरीदने के लिए स्टोर के बाहर इंतजार करते दिखे।
इसी बीच अभिनेता सोनू सूद ने iPhone 18 के इस क्रेज पर अपने अंदाज में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर Apple Store के बाहर लगी लंबी लाइन की तस्वीर शेयर करते हुए लोगों को एक अलग तरह का संदेश दिया।
‘नया फोन, नई EMI, वही पुराने बिल’
सोनू सूद ने अपनी पोस्ट में लिखा, “नया फोन, नई EMI… वही पुराने बिल! शायद यह समय सिर्फ अपने फोन को अपग्रेड करने का नहीं, बल्कि समाज में कुछ सकारात्मक बदलाव लाने के लिए कतार में खड़े होने का है। असली अपग्रेड एक बेहतर समाज का निर्माण है।”
उनका यह संदेश नए फोन की खरीदारी से आगे बढ़कर लोगों की प्राथमिकताओं और खर्च करने के तरीके पर टिप्पणी के तौर पर सामने आया। उन्होंने महंगे गैजेट के लिए उत्साह के साथ-साथ समाज के लिए सकारात्मक काम करने की जरूरत पर ध्यान दिलाया।
Apple Store के बाहर दिखा iPhone 18 का क्रेज
iPhone 18 Pro और Pro Max की बिक्री शुरू होने से पहले ही कई ग्राहक स्टोर्स के बाहर पहुंच गए थे। कुछ जगहों पर लोगों ने घंटों इंतजार किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ ग्राहकों ने सुबह 5 बजे से ही लाइन लगानी शुरू कर दी थी और कई जगहों पर इंतजार का समय 10 घंटे तक पहुंच गया। हालांकि, हर ग्राहक को स्टोर की लाइन में लगने की जरूरत नहीं थी। कुछ भारतीय ग्राहकों ने क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए भी नए iPhone को घर तक मंगाया।
कितनी है iPhone 18 Pro की कीमत?
भारत में iPhone 18 Pro की शुरुआती कीमत ₹1,64,900 रखी गई है, जबकि iPhone 18 Pro Max की कीमत ₹1,79,900 से शुरू होती है। ज्यादा स्टोरेज वाले मॉडल की कीमत ₹3 लाख से भी ऊपर जाती है। यही वजह है कि सोनू सूद की पोस्ट में EMI और पुराने बिलों का जिक्र लोगों का ध्यान खींच रहा है। उनकी पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर भी इस संदेश को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।
‘असली अपग्रेड’ को लेकर सोनू का संदेश
सोनू सूद अपनी पोस्ट के जरिए यह संदेश देते नजर आए कि तकनीकी चीजों को अपग्रेड करने के साथ समाज को बेहतर बनाने की दिशा में भी लोगों को आगे बढ़ना चाहिए। उनका कहना था कि सिर्फ नया फोन खरीदना ही अपग्रेड नहीं है, बल्कि बेहतर समाज का निर्माण भी एक तरह का असली अपग्रेड है। iPhone 18 की लॉन्चिंग को लेकर देशभर में दिखे उत्साह के बीच सोनू सूद की यह टिप्पणी अब सोशल मीडिया पर चर्चा का हिस्सा बन गई है।