भोपाल। मध्य प्रदेश में राज्यसभा उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी शनिवार, 31 अक्टूबर को भोपाल पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। वहीं, हरदीप सिंह पुरी की उम्मीदवारी को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाते हुए भाजपा पर निशाना साधा है।
शनिवार को नामांकन दाखिल करेंगे हरदीप सिंह पुरी
मध्य प्रदेश की रिक्त राज्यसभा सीट के लिए भाजपा ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी शनिवार को भोपाल पहुंचकर विधानसभा में नामांकन दाखिल करेंगे। उनके नामांकन को लेकर भाजपा संगठन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया को देखते हुए भाजपा ने अपने विधायकों को भी भोपाल में मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं।
राज्यसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा की तैयारियां तेज
मध्य प्रदेश की एक राज्यसभा सीट रिक्त होने के बाद उपचुनाव की प्रक्रिया चल रही है। भाजपा ने इस सीट से हरदीप सिंह पुरी को प्रत्याशी बनाया है। चुनाव को लेकर पार्टी संगठन सक्रिय हो गया है। नामांकन के दौरान भाजपा अपनी राजनीतिक ताकत और संगठनात्मक एकजुटता भी प्रदर्शित करेगी।
जीतू पटवारी ने हरदीप सिंह पुरी की उम्मीदवारी पर उठाए सवाल
हरदीप सिंह पुरी को मध्य प्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने के बाद कांग्रेस ने भाजपा को घेरना शुरू कर दिया है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने उनकी उम्मीदवारी को लेकर सवाल उठाए हैं। पटवारी ने जेफरी एप्स्टीन से जुड़े सार्वजनिक दस्तावेजों, ईमेल और मुलाकातों के संदर्भ में हरदीप सिंह पुरी से स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने वर्ष 2014 से 2017 के बीच हुई बताई जा रही मुलाकातों की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए भाजपा और पुरी से तथ्यात्मक जवाब देने की मांग की है। पटवारी ने कहा कि यह मामला सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता और जवाबदेही से जुड़ा है। उन्होंने संबंधित दस्तावेजों और जानकारियों के आधार पर उठे सवालों पर स्थिति स्पष्ट करने की बात कही।
कांग्रेस की मानसिकता सिख विरोधी- विश्वास सारंग
कांग्रेस के आरोपों पर मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि हरदीप सिंह पुरी की उम्मीदवारी का विरोध करते हुए कांग्रेस का रवैया सिख समाज के प्रति उसकी मानसिकता को दर्शाता है। सारंग ने कांग्रेस पर झूठ और फरेब की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के इतिहास में सिख समाज के साथ अन्याय और अपमान की घटनाएं रही हैं। उनके मुताबिक, हरदीप सिंह पुरी को लेकर कांग्रेस का विरोध इसी मानसिकता का परिचायक है।
भोपाल में आगे भी होंगे केंद्रीय नेताओं के दौरे
राजधानी भोपाल में आने वाले दिनों में भाजपा के कई केंद्रीय नेताओं के दौरे प्रस्तावित हैं। एक नवंबर को केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र सिंह का भोपाल दौरा प्रस्तावित बताया गया है। इस दौरान वे पार्टी के अभियान 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' को लेकर प्रेसवार्ता करेंगे। वहीं, 4 नवंबर को भोपाल में आयोजित पदयात्रा में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शामिल होने का कार्यक्रम बताया गया है।