भोपाल डेस्क। मध्यप्रदेश में 27% OBC आरक्षण का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर राहुल गांधी की ओर से उठाए गए सवाल का समर्थन करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल में प्रदेश में OBC वर्ग के लिए 27% आरक्षण लागू किया गया था, लेकिन बाद की भाजपा सरकारों में इसके क्रियान्वयन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी।
राहुल गांधी ने CM डॉ.मोहन यादव को लिखा पत्र
राहुल गांधी ने 22 सितंबर 2026 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर 27% OBC आरक्षण लागू करने और इससे जुड़े लंबित नियुक्ति मामलों को सुलझाने की मांग की थी। यह मुद्दा राहुल गांधी के इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान भी सामने आया था, जहां छात्रों ने आरक्षण से जुड़ी लंबित नियुक्तियों का मुद्दा उठाया था।
कमलनाथ ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
कमलनाथ ने राहुल गांधी के सवाल का समर्थन करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में OBC वर्ग को 27% आरक्षण दिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद बनी भाजपा सरकारों ने आरक्षण के क्रियान्वयन पर अघोषित रोक लगा रखी है।
कमलनाथ ने यह भी दावा किया कि सरकार इस मामले को वर्षों से कभी हाईकोर्ट तो कभी सुप्रीम कोर्ट में टालती रही है। उन्होंने सरकारी वकीलों के अदालत में तैयारी के साथ नहीं पहुंचने और अगली तारीख मांगने का आरोप भी लगाया।