मध्यप्रदेश में करीब डेढ़ लाख सेवारत शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) का सिलेबस जारी कर दिया गया है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने परीक्षा का प्रारूप स्पष्ट करते हुए प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षकों के लिए अलग-अलग कठिनाई स्तर निर्धारित किया है।परीक्षा 150 अंकों की होगी और सभी प्रश्न बहुविकल्पीय यानी MCQ होंगे। परीक्षा दिसंबर के मध्य में आयोजित होने की संभावना है। आवेदन की अंतिम तिथि 5 अक्टूबर निर्धारित की गई है। अब तक करीब 25 हजार आवेदन होने की जानकारी दी गई है।
माध्यमिक शिक्षक परीक्षा में स्नातक स्तर के प्रश्न
माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा का प्रश्नपत्र 150 अंकों का होगा। भाग-अ 30 अंक और भाग-ब 120 अंक का रहेगा।भाग-अ में भाषा, सामान्य ज्ञान एवं समसामयिक घटनाक्रम, तार्किक एवं आंकिक योग्यता और शिक्षाशास्त्र से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। भाग-ब विषय आधारित होगा। अभ्यर्थी अपनी स्नातक उपाधि के मुख्य विषय में ही परीक्षा दे सकेंगे।प्रश्न मध्यप्रदेश की कक्षा 9वीं और 10वीं के प्रचलित पाठ्यक्रम पर आधारित होंगे, लेकिन उनका कठिनाई स्तर स्नातक स्तर का रखा जाएगा।
इतिहास से लेकर कोडिंग-डिकोडिंग तक सवाल
सामान्य ज्ञान और समसामयिक घटनाक्रम में भारतीय इतिहास, राष्ट्रीय आंदोलन, भारत एवं विश्व का भूगोल, संविधान, राजनीतिक व्यवस्था, पंचायती राज, सार्वजनिक मुद्दे, अधिकार, पर्यावरण, जैव विविधता और जलवायु परिवर्तन से जुड़े सवाल होंगे।इसके अलावा सामान्य विज्ञान, भारतीय संस्कृति, अंतरराष्ट्रीय खेलकूद और मध्यप्रदेश के आर्थिक एवं सामाजिक विकास से संबंधित प्रश्न भी पूछे जाएंगे।तार्किक एवं आंकिक योग्यता में विश्लेषणात्मक क्षमता, रीजनिंग, संबंध एवं पदानुक्रम, एनालॉजी, दावा, कोडिंग-डिकोडिंग, आंकड़ों की व्याख्या, दिशा ज्ञान और अंकगणित जैसे विषय शामिल किए गए हैं।
प्राथमिक शिक्षक परीक्षा का स्तर हाईस्कूल-हायर सेकेंडरी
प्राथमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा का प्रश्नपत्र भी 150 अंकों का होगा। इसका कठिनाई स्तर हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्तर का रखा गया है।प्राथमिक स्तर पर अंक विभाजन इस प्रकार रहेगा:
बाल विकास एवं शिक्षाशास्त्र – 30 अंक
भाषा-1 – 30 अंक
भाषा-2 – 30 अंक
गणित – 30 अंक
पर्यावरण अध्ययन – 30 अंक
माध्यमिक शिक्षक परीक्षा में अंक विभाजन
माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा के भाग-अ में कुल 30 अंक होंगे:
भाषा-1 हिंदी या संस्कृत – 8 अंक
भाषा-2 सामान्य अंग्रेजी – 5 अंक
सामान्य ज्ञान एवं समसामयिक घटनाक्रम, तार्किक एवं आंकिक योग्यता – 7 अंक
शिक्षा शास्त्र – 10 अंक
वहीं भाग-ब 120 अंकों का विषय आधारित प्रश्नपत्र होगा। इसमें हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, उर्दू, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषय शामिल हैं।
ढाई घंटे की परीक्षा, चार विकल्पों में एक सही जवाब
प्राथमिक और माध्यमिक दोनों स्तर की परीक्षा की अवधि ढाई घंटे होगी। सभी प्रश्न MCQ होंगे और प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। हर सवाल में चार विकल्प दिए जाएंगे, जिनमें से एक सही उत्तर होगा।परीक्षा के दोनों भाग सभी अभ्यर्थियों के लिए अनिवार्य होंगे। SC, ST, OBC, दिव्यांग और EWS वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए पात्रता हेतु 50 प्रतिशत अंक, जबकि सामान्य वर्ग के लिए 60 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं।