भोपाल। मध्य प्रदेश में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार मतदान के योग्य युवाओं के नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस संबंध में 13 अक्टूबर 2026 को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा की अध्यक्षता में हुई बैठक में मतदाता सूची को अद्यतन करने और पात्र मतदाताओं का पंजीयन सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।
राजनीतिक दलों से बूथ स्तर पर सहयोग की अपील
बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में मतदाता सूची के निरंतर अद्यतन की प्रक्रिया के तहत विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से बूथ लेवल एजेंट (BLA) के माध्यम से पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने और मतदाता सूची को अद्यतन करने के कार्य में सहयोग करने का आग्रह किया। बैठक में आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, इंडियन नेशनल कांग्रेस, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया और बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधि शामिल हुए।
फॉर्म-6 भरकर करा सकेंगे पंजीयन
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि पहली बार मतदाता बनने के पात्र नागरिकों के नाम सूची में जोड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए पात्र नागरिक निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ नियमानुसार आवश्यक जानकारी और दस्तावेज देना अनिवार्य होगा। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि फॉर्म-6 जमा करने के बाद अलग से घोषणा-पत्र यानी डिक्लेरेशन फॉर्म प्रस्तुत करने की आवश्यकता नहीं है।
सभी जिलों में चल रहा विशेष अभियान
प्रदेश के प्रत्येक जिले में नए मतदाताओं और अब तक पंजीयन से छूटे पात्र नागरिकों की सुविधा के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य नागरिकों को पंजीयन प्रक्रिया की जानकारी देना, मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए आवेदन प्राप्त करना और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। इसके लिए तहसील स्तर पर एसडीएम और तहसीलदार तथा जिला स्तर पर संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी के माध्यम से सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।
निर्वाचन अधिकारियों की मौजूदगी
बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी आर.पी.एस. जादौन तथा उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी संजय श्रीवास्तव, राजेश यादव और वीरेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे।