देवास: मध्यप्रदेश के बहुचर्चित टीआई दिलीप पुरी मामले में गिरफ्तार राहुल जायसवाल को लेकर नए खुलासे सामने आए हैं। राहुल जायसवाल ने अपने बयान में राजनीतिक और कारोबारी गतिविधियों से जुड़ी कई जानकारियां दी हैं। उसने बताया कि वह खातेगांव विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी का प्रभारी है और इससे पहले जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष रह चुका है। इसके अलावा उसका बसों का व्यवसाय है और एक वाइन शॉप में भी उसकी 30 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
खातेगांव विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रभारी है राहुल
राहुल जायसवाल ने अपने बयान में बताया कि वह मूल रूप से हरदा जिले के टिमरनी का निवासी है। वर्तमान में वह खातेगांव विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी के प्रभारी पद पर कार्यरत है।उसने बताया कि वर्ष 2018 से 2024-25 तक वह जिला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुका है।
बसों के कारोबार के साथ वाइन शॉप में साझेदारी
पूछताछ के दौरान राहुल जायसवाल ने बताया कि उसका बसों का व्यवसाय है। इसके अलावा वह एक वाइन शॉप का प्रबंधन भी देखता है, जिसमें उसकी 30 प्रतिशत हिस्सेदारी है।उसके मुताबिक, इस वाइन शॉप में उसके अलावा तीन अन्य लोग भी साझेदार हैं। इनमें इंदौर निवासी मनीष जायसवाल, अहमदाबाद निवासी मोहित जायसवाल और पाटन जायसवाल शामिल हैं।
वाइन शॉप में किसकी कितनी हिस्सेदारी?
राहुल जायसवाल के बयान के अनुसार वाइन शॉप में चार लोगों की हिस्सेदारी इस प्रकार है
राहुल जायसवाल – 30 प्रतिशत
मनीष जायसवाल – 30 प्रतिशत
मोहित जायसवाल – 30 प्रतिशत
पाटन जायसवाल – 10 प्रतिशत
TI दिलीप पुरी मामले में जांच जारी
गौरतलब है कि खातेगांव थाना प्रभारी टीआई दिलीप पुरी की मौत के मामले में पुलिस अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, राहुल जायसवाल इस नेटवर्क का मुख्य सरगना बताया गया है।अब राहुल के राजनीतिक संबंधों, कारोबारी गतिविधियों और शराब कारोबार में साझेदारी से जुड़े पहलुओं की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।