भोपाल। सड़क दुर्घटनाओं में गौवंश की जान बचाने और रात के अंधेरे में होने वाले हादसों को रोकने के उद्देश्य से युवा शक्ति संगठन ने सराहनीय पहल की है। सुरखी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम तालचिरी में संगठन के अध्यक्ष आकाश सिंह राजपूत के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने गौसेवा अभियान चलाया। इस दौरान सड़कों पर विचरण करने वाली गायों को चमकदार रेडियम बेल्ट पहनाई गई, ताकि रात में वाहन चालकों को दूर से ही गौवंश दिखाई दे सके और दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
रात में चमकेंगी गायों की रेडियम बेल्ट, हादसों का खतरा होगा कम
युवा शक्ति संगठन द्वारा चलाए गए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रात के समय सड़कों पर बैठे या विचरण करते गौवंश को सड़क दुर्घटनाओं से बचाना है। अक्सर अंधेरे में वाहन चालकों को सड़क पर मौजूद गायें दिखाई नहीं देतीं, जिससे गंभीर हादसे हो जाते हैं। इसी समस्या को देखते हुए संगठन के कार्यकर्ताओं ने गायों को लाइट रिफ्लेक्ट करने वाली रेडियम बेल्ट पहनाईं। इन बेल्टों पर वाहन की रोशनी पड़ने से ये चमकेंगी और वाहन चालकों को दूर से ही गौवंश की मौजूदगी का संकेत मिलेगा। इससे पशुओं के साथ-साथ वाहन चालकों और आम नागरिकों की सुरक्षा में भी मदद मिलेगी।
गौसेवा और मानव जीवन की सुरक्षा हमारा उद्देश्य: आकाश सिंह राजपूत
अभियान के दौरान युवा शक्ति संगठन के अध्यक्ष आकाश सिंह राजपूत ने कहा कि गायों की रक्षा करना हम सभी का नैतिक और सामाजिक दायित्व है। संगठन का उद्देश्य केवल गौसेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि गौवंश की जान बचाने के साथ सड़क दुर्घटनाओं और उनसे होने वाली जनहानि को रोकना भी है। उन्होंने कहा कि रात के अंधेरे में कई बार वाहन चालकों को सड़क पर बैठे या घूमते गौवंश दिखाई नहीं देते, जिसके कारण गंभीर दुर्घटनाएं होती हैं। इसी समस्या के समाधान के लिए रेडियम बेल्ट लगाने का अभियान शुरू किया गया है। आकाश सिंह राजपूत ने कहा कि युवा शक्ति संगठन सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करता रहेगा। गौसेवा, जीव रक्षा और मानव जीवन की सुरक्षा के लिए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियान चलाए जाएंगे।
गौभक्त पंडित नवीन बिहारी महाराज ने की पहल की सराहना
इस अवसर पर गौभक्त पंडित नवीन बिहारी महाराज विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने युवा शक्ति संगठन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गौवंश की सुरक्षा के लिए युवाओं का आगे आना समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने संगठन अध्यक्ष आकाश सिंह राजपूत और सभी कार्यकर्ताओं के सेवा भाव की प्रशंसा की। अभियान में भानु यादव, संदीप शुक्ला, रामकुमार सेन, आनंद साहू, सौरव यादव, अमोल यादव, काडोरी यादव, हरिराम लोधी, द्वारका साहू, मानसिंह लोधी, दिनेश लोधी और आधार लोधी सहित संगठन के सैकड़ों कार्यकर्ता एवं गौभक्त शामिल हुए। सभी ने अभियान में उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए गौवंश की सुरक्षा और सेवा का संकल्प लिया।