पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया ने हाल ही में कांग्रेस पार्टी का हाथ थाम लिया है। शामिल होने के कुछ समय बाद ही विनेश फोगाट को जुलाना सीट से उम्मीदवार बनाया है। इस बीच रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने बड़ा बयान दिया है। बीजेपी नेता बृजभूषण ने कहा कि, मैंने तो पहले ही कह दिया था कि, यह खिलाड़ियों का आंदोलन नहीं है बल्कि इसके पीछे कांग्रेस का षड्यंत्र है।
यह खिलाड़ियों का आंदोलन नहीं है
रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि, 18 जनवरी 2023 को जब दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन शुरू हुआ, तो मैंने कहा था कि, यह खिलाड़ियों का आंदोलन नहीं है। इसके पीछे कांग्रेस है खासकर भूपिंदर हुड्डा, दीपेंद्र हुड्डा, प्रियंका गांधी, राहुल गांधी, ये कांग्रेस का आंदोलन है और आज ये बात सच साबित हो गई है। उन्होंने आगे कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि, इस पूरे आंदोलन में हमारे खिलाफ जो साजिश हुई, उसमें कांग्रेस शामिल थी और भूपिंदर हुड्डा इसका नेतृत्व कर रहे थे। मैं हरियाणा के लोगों को बताना चाहता हूं कि, भूपिंदर हुड्डा, दीपेंद्र हुड्डा, बजरंग पूनिया या विनेश फोगाट, ये लड़कियों के सम्मान के लिए (धरने पर) नहीं बैठे थे।
राजनीति के लिए बेटियों का इस्तेमाल किया
वहीं एक अन्य सवाल के जवाब में बीजेपी नेता बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि, ये प्रदर्शनकारी लोग उस दिन क्या जवाब देंगे जब यह साबित हो जाएगा कि, जिस दिन आरोप लगाए जा रहे हैं, उस दिन मैं दिल्ली में मौजूद नहीं था। रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) के पूर्व अध्यक्ष ने आगे कांग्रेस पर निशाना दागते हुए कहा कि, उन्होंने राजनीति के लिए बेटियों का इस्तेमाल किया, बेटियों को बदनाम किया। वे बेटियों के सम्मान के लिए नहीं, राजनीति के लिए लड़ रहे थे।
बजरंग एशियाई खेलों में बिना ट्रायल के गए थे ?
रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) के पूर्व अध्यक्ष ने अपने बयान में आगे कहा कि, खेल के क्षेत्र में हरियाणा भारत का क्राउन है। उन्होंने लगभग 2.5 वर्षों तक कुश्ती गतिविधियां बंद कर दीं। क्या यह सच नहीं है कि, बजरंग एशियाई खेलों में बिना ट्रायल के गए थे ? जो कुश्ती के विशेषज्ञ हैं मैं उनसे पूछना चाहता हूं, मैं विनेश फोगाट से पूछना चाहता हूं कि, क्या कोई खिलाड़ी एक दिन में 2 वेट कैटेगरी में ट्रायल दे सकता है? क्या वेट-इन के बाद 5 घंटे तक ट्रायल रोका जा सकता है? आपने कुश्ती नहीं जीती, आप धोखे से वहां गए थे। भगवान ने आपको इसकी सजा दी है।
पार्टी कहेगी तो हरियाणा में करूंगा प्रचार
भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता बृजभूषण शरण सिंह ने आगे कहा कि, मैं बेटियों के अपमान का दोषी नहीं हूं। अगर कोई बेटियों के अपमान का दोषी है, तो वह बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट हैं। जिसने इसकी पटकथा लिखी, भूपिंदर हुड्डा इसके लिए जिम्मेदार हैं। रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) के पूर्व अध्यक्ष ने आगे कहा है कि, अगर वे (भाजपा) मुझसे हरियाणा चुनाव में प्रचार करने के लिए कहेंगे तो मैं जा सकता हूं। एक दिन कांग्रेस को पछताना पड़ेगा।
Comments (0)