हरियाणा में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पक्ष और विपक्षी पार्टियों के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है। सभी राजनीतिक दलों के नेताओं की ओर से एक-दूसरे पर जमकर जुबानी तीर छोड़ रहे हैं। इस बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक बार फिर से कांग्रेस पर हमला बोला है।
कांग्रेस भ्रष्टाचार में लिप्त पार्टी है
सीएम नायब सिंह सैनी ने आरोप लगाते हुए कहा कि, कांग्रेस भ्रष्टाचार में लिप्त पार्टी है। इसके साथ सीएम ने राज्य में तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने का भी दावा किया।
उन्होंने कहा कि, हमने काम किया है और हरियाणा के लोगों को सुविधाएं दी हैं। कांग्रेस पार्टी लोगों को परेशान करने का काम करती है, लेकिन हमारी सरकार लोगों के जीवन को आसान और सुविधाजनक बनाने का काम करती है।
सीएम सैनी ने आप-कांग्रेस पर बोला हमला
वहीं कांग्रेस पर निशाना साधते हुए राज्य के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि, विपक्षी पार्टी चाहे कितना भी गठबंधन कर ले 5 अक्टूबर को होने वाले चुनावों में उसका सफाया हो जाएगा। इसके अलावा कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन पर सीएम सैनी ने हमला बोलते हुए कहा कि, दोनों पार्टियां भ्रष्टाचार में डूबी हैं और जनहित को छोड़कर अपना हित देख रही हैं।
14 सितंबर को कुरूक्षेत्र में प्रधानमंत्री की रैली
राज्य के सीएम सैनी ने अपने बयान में आगे दावा किया है कि, भारतीय जनता पार्टी हरियाणा में तीसरी बार सरकार बनाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि, 14 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा के कुरूक्षेत्र में रैली को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि, पार्टी जल्द ही अपने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी करेगी।
Comments (0)