हरियाणा विधानसभा चुनाव और उसके बाद दिल्ली विधानसभा चुनाव को देखते हुए आम आदमी पार्टी पहले की तरह संगठन को मजबूत बनाने में जुट गई है। गुरुवार को देर शाम आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के मंडल प्रभारियों के साथ बैठक की और उन्हें हर बूथ को जीतने का मंत्र दिया। वहीं 22 सितंबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर जनता की अदालत लगेगी, जिसे अरविंद केजरीवाल संबोधित करेंगे।
अरविंद केजरीवाल अभिमन्यु नहीं, अर्जुन हैं
वहीं दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने अपने संबोधन में कहा कि, अरविंद केजरीवाल को इस्तीफा देने से बहुत सारे लोग दुखी हैं, लेकिन यह जंग है और जंग दुखी होने से नहीं लड़ी जाती है। गोपाल राय ने आगे कहा है कि, अरविंद केजरीवाल अभिमन्यु नहीं, अर्जुन हैं, वह भारतीय जनता पार्टी के सारे चक्रव्यूह को तोड़ना जानते हैं।
केजरीवाल दोबारा प्रचंड बहुमत से सीएम बनेंगे
आप नेता ने आगे अपने संबोधन में कहा है कि, अरविंद केजरीवाल जब सीएम थे, तब भी भारतीय जनता पार्टी की तानाशाही से लड़ रहे थे और जब इस्तीफा दे दिया, तब भी लड़ रहे हैं और जब दोबारा जीत कर प्रचंड बहुमत से मुख्यमंत्री बनेंगे, तब भी लड़ेंगे। सभी मंडल प्रभारी अपने-अपने मंडल के सेनापति हैं। राय ने आगे कहा कि, पिछले दो साल से भारतीय जनता पार्टी लगातार आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल को खत्म करने का प्रयास कर रही है, लेकिन आज हालात पलट गए हैं।
केजरीवाल हमेशा भाजपा से लड़ते रहेंगे
दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी को लगा कि, आम आदमी पार्टी की दिल्ली प्रयोगशाला है, जहां नए-नए काम के अविष्कार होते हैं। अगर दिल्ली फैक्ट्री नहीं बंद हुई तो वह दिन दूर नहीं जब केंद्र मे सरकार भी ‘आप’ की बनेगी, इसलिए, पहले भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली के काम रोकने के लिए एलजी को लगाया, लेकिन काम नहीं रुका, फिर हमारे स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन, शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया और सांसद संजय सिंह को भेज दिया, लेकिन दिल्ली का काम नहीं रुका।
बीजेपी ने केजरीवाल को जेल में डाला
इसके साथ ही दिल्ली प्रदेश संयोजक और आम आदमी पार्टी के दिग्गज नेता गोपाल राय ने आगे कहा कि, जब भारतीय जनता पार्टी के सारे हथकंडे विफल हो गए, तब भारतीय जनता पार्टी ने अरविंद केजरीवाल को जेल में डाल दिया, क्योंकि जब तक केजरीवाल बाहर हैं तब तक दिल्ली का काम रोका नहीं जा सकता है। इसके बाद भी दिल्ली का काम नहीं रुका।
Comments (0)