हरियाणा की बीजेपी सरकार ने स्कूलों में अब बच्चों के लिए खास आदेश जारी किया है। जिसके तहत अब बच्चे स्कूल में गुड मॉर्निंग कहने के बजाय जयहिंद बोलेंगे। आपको बता दें कि, बच्चों में राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को बढ़ाने के उद्देश्य से सरकार ने ये आदेश जारी किया है। इसको लेकर हरियाणा के शिक्षा विभाग ने नोटिफिकेशन भी जारी किया है। जिसके अनुसार, अब बच्चे अपने टीचर्स को गुड मॉर्निंग के बजाय जयहिंद कहकर विश करेंगे।
शिक्षा विभाग की तरफ से जारी नोटिफिकेशन 2 पन्नों का है
हरियाणा के शिक्षा विभाग की तरफ से जारी नोटिफिकेशन 2 पन्नों का है। जिसमें काफी तर्क विभाग की ओर से दिए गए हैं। इस आदेश में बताया गया है कि, आखिर किस आधार पर बच्चों को जयहिंद बोलने के लिए कहा गया है? नोटिफिकेशन में जयहिंद का महत्व भी विस्तार से बताया गया है। आपको बता दें कि, देश चंद दिन बाद ही अपना 77वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। बच्चों में भी इस दिन अपनी प्रस्तुति पेश करने के लिए काफी क्रेज दिखता है। जिसको देखते हुए हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार ने खास फैसला लिया है। छोटी उम्र में ही बच्चों में देशभक्ति की भावना को पैदा किया जा सके, इसलिए इस फैसले को काफी अहम माना जा रहा है।
बच्चों में एकता की भावना पैदा करने का प्रयास
हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार की तरफ से इस नोटिफिकेशन के पीछे कई कारण बताए गए हैं। बच्चों को देशभक्ति का पाठ पढ़ाया जा सके, उनमें एकता और देश के प्रति सम्मान की भावना विकसित की जा सके। बच्चों का सतत विकास हो, देश के प्रति उनका सकारात्मक नजरिया बना रहे। इसलिए सरकार ने ये फैसला लिया है। आपको बता दें कि, आदेशों का पालन 15 अगस्त से पहले हो, इसको सुनिश्चित करने को भी कहा गया है। वहीं, आदेशों में अनुशासन और सम्मान को बढ़ावा, परंपरा के प्रति सम्मान, भविष्य की पीढ़ियों के लिए प्रेरणा, एकजुट करने वाली शक्ति जयहिंद को बताया गया है।