हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने देश की सबसे पुरानी पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि, कांग्रेस को “कमीशन” लेकर कार्य करने के लिए जाना जाता था, जबकि बीजेपी सरकार प्रदेश में समान विकास की दिशा में ‘मिशन मोड’ में काम कर रही है। सूबे के मुखिया ने आगे कहा कि, जब कांग्रेस सत्ता में थी तब विकास परियोजनाओं में क्षेत्रवाद, नौकरियों में पक्षपात और सभी क्षेत्रों में व्यापक भ्रष्टाचार फैला हुआ था।
हुड्डा सरकार कमीशन मोड पर काम करती थी
आपको बता दें कि, गुरुवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फतेहाबाद जिले में 313 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्धघाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान सीएम सैनी ने यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, उनकी (हुड्डा) सरकार कमीशन मोड पर काम करती थी जबकि हमारी सरकार मिशन मोड में काम कर रही है और हमने तेज गति से समान विकास योजनाएं शुरू की हैं।
कांग्रेस झूठ फैला रही है - सीएम नायब
फतेहाबाद जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम सैनी ने कांग्रेस के ‘हरियाणा मांगे हिसाब’ अभियान के लिए पार्टी पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि, इस साल के अंत में होने वाले राज्य विधानसभा से पहले मुख्य विपक्षी दल झूठ फैला रहा है। आपको बता दें कि, कांग्रेस ने 15 जुलाई को ‘हरियाणा मांगे हिसाब’ अभियान की शुरुआत की थी, जिसके तहत पार्टी सत्तारूढ़ बीजेपी को बेरोजगारी, कानून और किसानों के मुद्दों सहित कई मोर्चों पर घेर रही है।
कांग्रेस अपने 10 सालों के शासनकाल का जवाब दें
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि, कांग्रेस को पहले अपने 10 वर्ष के शासनकाल का जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, क्षेत्रवाद और जातिवाद फैला हुआ था। सूबे के मुखिया ने कहा कि, हरियाणा ने पिछले 10 वर्ष के दौरान चौमुखी विकास किया है। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस को इसके बजाये अपने कार्यों पर ध्यान देना चाहिए।
Comments (0)