देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने बिना नाम लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोला। धनकड़ ने कहा कि, कुछ लोगों को यह पता ही नहीं है कि, हमारा संविधान क्या कहता है। आरक्षण हमारे संविधान में निहित है। यह सकारात्मक कार्रवाई का हिस्सा है एवं हमारे संविधान का एक जीवंत पहलू है। इसके साथ ही उन्होंने आगे कहा कि, कुछ लोग देश से बाहर जाकर इसे हल्के में लेते हैं।
देश के बाहर हर भारतीय को राष्ट्र का राजदूत होना चाहिए
इस दौरान उपराष्ट्रपति ने यह भी कहा कि, कोई व्यक्ति अपने होश में यह दावा कैसे कर सकता है कि, वह अपने ही देश में पूजा स्थल पर नहीं जा सकता ? जगदीप धनखड़ ने इस बयान की निंदा करते हुए कहा कि, उनके पास इस पर टिप्पणी करने के लिए शब्द नहीं हैं, यह पूरी तरह से अनुचित है। उन्होंने अपने बयान में आगे कहा कि, देश के बाहर हर भारतीय को राष्ट्र का राजदूत होना चाहिए, किन्तु यह दुखद है कि, एक संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति इसके विपरीत आचरण कर रहा है।
वे देश को बांटने वाली ताकतों के साथ खड़े होते हैं
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कांग्रेस नेता पर हमला बोलते हुए कहा कि, यह सबसे निंदनीय, घृणित एवं असहनीय है कि, कोई व्यक्ति राष्ट्रविरोधी ताकतों का हिस्सा बन जाए। उपराष्ट्रपति का यह बयान भारतीय जनता पार्टी द्वारा कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधने के एक दिन बाद आया। आपको बता दें कि, इससे पहले, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर आरोप लगाया था कि, उनकी आदत बन गई है कि, वे देश को बांटने वाली ताकतों के साथ खड़े होते हैं।
Comments (0)