केरल के वायनाड जिले में भारी बारिश के कारण भयानक भूस्खलन हुआ है। इस आपदा में अब तक 168 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सैकड़ों लोग घायल हैं और कई अभी भी फंसे हुए हैं। भूस्खलन ने घरों और सड़कों को भारी नुकसान पहुंचाया है। वहीं कई पेड़ उखड़ गए हैं और नदियां उफान पर हैं। लापता लोगों को खोजने और बचाने के लिए सभी संभव संसाधनों के साथ अभियान जारी है।
वायनाड में बचाव अभियान लगातार जारी है
वहीं वायनाड भूस्खलन पर केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कहा कि, वायनाड में बचाव अभियान लगातार जारी है। यह एक दर्दनाक आपदा है। अब तक 144 शव बरामद किए जा चुके हैं- 79 पुरुष और 64 महिलाएं। अभी भी 191 लोग लापता हैं। आपदा क्षेत्र से अधिक से अधिक लोगों को निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं और बचाए गए लोगों को आवश्यक चिकित्सा उपचार प्रदान किया जा रहा है।
मलबे में दबे लोगों को खोजने का काम जारी
सेना, नौसेना, वायुसेना, एनडीआरएफ, पुलिस और अग्निशमन दल सहित बचाव दल खराब मौसम के बीच जीवित बचे लोगों को खोजने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। कयाकिंग, कोराकल बोटिंग और ट्रैकिंग जैसी पर्यटन गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। सोमवार तक शाम 7 बजे से सुबह 6 बजे तक पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा भी प्रतिबंधित रहेगी।
केरल की 8 नदियों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
केंद्रीय जल आयोग ने कबानी, कदलुंडी, भरतपुझा, पुलनथोडु, गायत्री, कीचेरी, करुवन्नूर और थोडुपुझा सहित आठ नदियों के लिए 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है। आयोग के अनुसार, सभी नदियाँ खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
Comments (0)