हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 से पहले सत्ताधारी पार्टी बीजेपी में अंदरूनी कलह अब खुलकर सामने आने लगी है। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को अपने को प्रमोट करने से यही लगता है कि, यहां बीजेपी-कांग्रेस के बीच नहीं बल्कि BJP Vs BJP की लड़ाई चल रही है। विगत रविवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिल विज ने मुख्यमंत्री पद के लिए दावा ठोका था। अब विज के दावे पर पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर की प्रतिक्रिया आई है।
अगले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ही होंगे
भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेता व राज्य के पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर ने अपनी ही पार्टी के नेता अनिल विज के सीएम पद वाले बयान पर कहा कि, दावेदारी पेश करने की चाहत कोई भी रख सकता है, इसमें कोई आपत्ति नहीं है। हालांकि भारतीय जनता पार्टी ने फैसला कर लिया है कि, प्रदेश में अगले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ही होंगे।
2014 में सीएम बनें थे मनोहर लाल खट्टर
आपको बता दें कि, साल 2014 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में भी बीजेपी नेता अनिल विज को मुख्यमंत्री चेहरा माना जा रहा था। हालांकि, भारतीय जनता पार्टी की जीत के बाद सीएम की कुर्सी मनोहर लाल खट्टर को दी गई। इसके बाद साल 2024 की शुरुआत में जब मनोहर लाल खट्टर की कैबिनेट हटी, तो भी अनिल विज को उम्मीद थी कि, उन्हें मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। हालांकि, ऐसा नहीं हुआ।
ये कहा था अनिल विज ने...
अनिल विज ने खुद को सीएम का सबसे काबिल उम्मीदवार बताया है। अनिल विज ने अपनी वरिष्ठता व्यक्त करते हुए पार्टी से सीएम पद की मांग की। विज ने कहा कि, मैं हरियाणा में बीजेपी का सबसे वरिष्ठ विधायक हूं। मैंने छह बार चुनाव लड़ा है। मैंने पार्टी से कभी कुछ नहीं मांगा, लेकिन लोगों की मांग पर मैं इस बार अपनी वरिष्ठता के आधार पर सीएम पद के लिए दावा करूंगा। मैं ही हरियाणा की तस्वीर और तकदीर बदल सकता हूं।