उत्तरप्रदेश में इन दिनों सियासी पारा बढ़ गया है। सूबे के सीएम योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के बीच तनाव की खबरें निरंतर सुर्खियों में बनी हुई है। सूबे की राजनीति में इस समय हलचल तेज और इसी बीच समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव का मानसून ऑफर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
मानसून ऑफर को 2027 में 47 पर फिर समेटेंगे
इसी बीच अब यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा मुखिया अखिलेश यादव के मानसून ऑफर का बिना नाम लिए ही जवाब दे दिया है। केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट कर लिखा है कि, मानसून ऑफर को 2027 में 47 पर जनता और कार्यकर्ता फिर समेटेंगे। एक डूबता जहाज और समाप्त होने वाला दल जिसका वर्तमान और भविष्य खतरे में है। वह मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख सकता है, परंतु पूर्ण नहीं हो सकता। उन्होंने आगे लिखा है कि, 2027 में 2017 दोहरायेंगे, फिर कमल की सरकार बनायेंगे।
मानसून ऑफर, सौ लाओ, सरकार बनाओ!
आपको बता दें कि, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी में भारतीय जनता पार्टी के बीच चल रही आतंरिक कलह पर तंज कसते हुए एक ऑफर दिया था। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा था कि, -"मानसून ऑफर, सौ लाओ, सरकार बनाओ!" बता दें कि,अखिलेश यादव ने भले ही अपने पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिखा हो लेकिन माना जा रहा था कि, उनका ये ऑफर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के लिए ही हैं।