समाजवादी पार्टी इस बार महाराष्ट्र में पूरी तैयारी के साथ चुनावी दंगल में उतरने की योजना बना रही है। इस संबंध में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी की राजधानी लखनऊ में एक बैठक आयोजित की। इस बैठक के बाद, समाजवादी पार्टी ने मुंबई और महाराष्ट्र का प्रभारी चार नेताओं को नियुक्त किया है।
इन नेताओं को दी महाराष्ट्र की जिम्मेदारी
विधानसभा में विपक्ष के नेता माता प्रसाद पांडेय, विधायक इंद्रजीत सरोज, तूफानी सरोज, और लकी यादव को महाराष्ट्र में चुनाव की जिम्मेदारी दी गई है। इन नियुक्तियों में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सामाजिक समीकरण का भी ध्यान रखा है, जिसमें दो दलित, एक पिछड़ा और एक ब्राह्मण शामिल हैं। इस बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया कि, समाजवादी पार्टी महा विकास अघाड़ी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ेगी। आपको बता दें कि, मुंबई में विधानसभा की 22 सीटें ऐसी हैं, जहां उत्तर भारतीय वोटरों का प्रभाव है।
हम गठबंधन के साथ चुनाव लड़ना चाहते हैं
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की योजना है कि, पार्टी गठबंधन के साथ चुनाव लड़े, हालांकि सीटों के बंटवारे को लेकर महा विकास अघाड़ी से अभी कोई बातचीत नहीं हुई है। बातचीत से पहले समाजवादी पार्टी अपनी तैयारियां पूरी करना चाहती है। पूर्व सीएम अखिलेश यादव जल्द ही मुंबई का दौरा करेंगे, लेकिन उससे पहले प्रदेश प्रभारियों को महाराष्ट्र का दौरा करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं राजधानी लखनऊ में हुई बैठक में अखिलेश यादव ने कहा कि, हम गठबंधन के साथ चुनाव लड़ना चाहते हैं।
Comments (0)