नई दिल्ली - खाड़ी देशों में गैस आपूर्ति से जुड़ी बाधाओं के बीच भारत में छोटे एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता और वितरण को तेज कर दिया गया है। सरकारी सूत्रों के अनुसार, 5 किलो वाले एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई को बढ़ाते हुए आम उपभोक्ताओं तक इसकी आसान पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही देश में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन के विस्तार को भी तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
5KG वाले LPG सिलेंडरों की बिक्री 13 लाख के पार
रिपोर्ट के मुताबिक, 23 मार्च से अब तक 5 किलो वाले एलपीजी सिलेंडरों की बिक्री 13 लाख के आंकड़े को पार कर चुकी है, जबकि इनकी दैनिक बिक्री अब 1 लाख से अधिक हो गई है। यह बढ़ोतरी खासकर शहरी क्षेत्रों, प्रवासी मजदूरों और कम आय वाले परिवारों में इसकी बढ़ती मांग को दर्शाती है।
सभी परिवारों तक रसोई गैस की सुविधा पहुंचे
सरकार का उद्देश्य है कि छोटे सिलेंडरों के माध्यम से उन परिवारों तक भी रसोई गैस की सुविधा पहुंचे, जिनके लिए बड़े सिलेंडर का उपयोग या रीफिलिंग मुश्किल होती है। इसके साथ ही स्वच्छ ईंधन को बढ़ावा देने और पारंपरिक ईंधनों पर निर्भरता कम करने की दिशा में भी यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है। छोटे एलपीजी सिलेंडरों की बढ़ती मांग देश में ऊर्जा वितरण प्रणाली के बदलते स्वरूप और उपभोक्ता व्यवहार में आए बदलाव को भी दर्शाती है।