बिहार के नवादा में हुई घटना को लेकर सियासत गर्म हो गई है। नवादा में जमीन विवाद को लेकर दबंगों ने दलित बस्ती में आग लगा दी। जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। वहीं अब इस मुद्दे पर राजनीति भी देखने को मिलने लगी है। वहीं विपक्षी दलों ने भी राज्य की नीतीश सरकार पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।
बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा है कि, नवादा, बिहार में महादलितों के 80 से ज्यादा घरों को जला देने की घटना बेहद खौफनाक और निंदनीय है। दर्जनों राउंड फायरिंग करते हुए इतने बड़े पैमाने पर आतंक मचाकर लोगों को बेघर कर देना यह दिखाता है कि, प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। प्रियंका ने अपने इस लेख में आगे कहा है कि, आम ग्रामीण-गरीब असुरक्षा और खौफ के साए में जीने को मजबूर हैं। मेरी राज्य सरकार से मांग है कि ऐसा अन्याय करने वाले दबंगों पर सख्त कार्रवाई हो और सभी पीड़ितों का समुचित पुनर्वास किया जाए।
बिहार में महाराक्षस राज आ गया है
वहीं इस पूरी घटना पर आरजेडी के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने अपना बयान दिया है। मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि, बिहार में दलितों का घर जलाया जा रहा है और सरकार चैन की नींद सो रही है। उन्होंने आगे कहा कि, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने ठीक कहा है कि, बिहार में महाजंगलराज से बड़ा महाराक्षस राज आ गया है। दलित भाइयों पर अत्याचार किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा। दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। बिहार जिस तरह जल रहा है उस पर प्रधानमंत्री मोदी और एनडीए को बोलना चाहिए।
आगजनी में 80 घर जलकर राख हो गए हैं
आपको बता दें कि, ये घटना निंदा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ननौरा के पास स्थित दलित बस्ती की है। मिली जानकारी के अनुसार, यहां दो पक्षों के बीच विवाद था। जिसे लेकर बुधवार की शाम को दबंगों ने दलित परिवारों के साथ मारपीट की और फिर हवाई फायरिंग करते हुए उनके घरों को आग के हवाले कर दिया। वहीं गांव के लोगों का दावा है कि, इस आगजनी में 80 घर जलकर राख हो गए हैं।
पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया
वहीं इस घटना की जानकारी मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर क़ाबू पाया गया है। इसके साथ ही पुलिस ने इस मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं अब इस घटना को लेकर सियासत भी शुरू हो गई है। जहां विपक्ष राज्य की नीतीश सरकार को घेर रही हैं।