कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में विपक्ष एकजुट होकर लोकसभा चुनाव 2024 के लिए मंथन कर रहा है। इस बीच पीएम मोदी ने इसी विपक्षी एकता पर तीखा प्रहार किया और इस बैठक को "कट्टर भ्रष्टाचारी सम्मेलन" करार दिया है। पीएम मोदी ने विपक्ष की इस बैठक पर सीधा वार करते हुए कहा कि, जातिवादी जहर फैलाने वाले और भ्रष्टाचार करने वाले लोग बेंगलुरु में अपनी दुकान खोलकर बैठे हैं।
भारत की बदहाली के जिम्मेदार कुछ लोग अपनी दुकान खोलकर बैठ गए हैं
पीएम मोदी ने इस दौरान आगे विपक्ष पर बरसते हुए कहा कि, आज देश के लोग 2024 के लोकसभा चुनाव में हमारी सरकार (NDA) को वापस लाने का मन बना चुके हैं, ऐसे में भारत की बदहाली के जिम्मेदार कुछ लोग अपनी दुकान खोलकर बैठ गए हैं। उन्होंने आगे कहा कि, इन्हें देखकर मुझे एक कविता याद आती है, गाइत कुछ है, हाल कुछ है, लेबल कुछ है माल कुछ है।पीएम ने कहा कि, 24 के लिए 26 होने वाले विपक्षी दलों पर ये फिट बैठता है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, इनकी दुकान की यही सच्चाई है, इनकी दुकान पर दो चीजों की गारंटी मिलती है। ये लोग जातिवादी जहर बेचते हैं और असीमित भ्रष्टाचार करते हैं।
विपक्ष पर पीएम मोदी का वार
उन्होंने आगे कहा कि, यहां पर अगर कोई करोड़ों के घोटाले में जमानत पर है तो उसे सम्मान दिया जाता है। विपक्ष पर बरसते हुए पीएम ने कहा कि, अगर पूरा परिवार ही जमानत पर है तो उसे ज्यादा सम्मान मिलता है। वहीं आगे लालू यादव पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा कि, अदालत से सजा पाने वाले लोगों से यहां मार्गदर्शन लिया जाता है। उन्होंने कहा कि, बस यही बोलना चाहूंगा कि, नफरत हैं, घोटाले हैं, तुष्टीकरण करने वाले हैं। इन सभी के लिए देश के बच्चों के भविष्य का नहीं बल्कि अपने बच्चे, भतीजों का विकास मायने रखता हैं।
Comments (0)