केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि रेल दुर्घटनाएं कराने की कोई भी साजिश लंबे समय तक नहीं चल पाएगी और सरकार देशभर में 1.10 लाख किलोमीटर लंबे रेलवे नेटवर्क की सुरक्षा के लिए जल्द एक योजना का अनावरण करेगी। शाह का यह बयान देश में पिछले दिनों हुईं रेल दुर्घटनाओं की पृष्ठभूमि में आया है। इनमें अधिकतर में रेलवे पटरियों पर अवरोधक रखे गए थे और तोड़फोड़ एवं नुकसान पहुंचाने की साजिश नजर आई।
राजग सरकार के तीसरे कार्यकाल के 100 दिन पूरे होने के मौके पर संवाददाता सम्मेलन में गृह मंत्री ने कहा कि उन्होंने पिछले दो दिन में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ रेलवे सुरक्षा के मुद्दे पर चर्चा की है। उन्होंने वैष्णव के साथ प्रेस वार्ता में कहा, ‘‘जहां तक दुर्घटनाओं की बात है हम इसकी जड़ तक पहुंचकर कारण का पता लगाएंगे। जो भी कारण हो, सरकार इस मुद्दे पर ध्यान देने के लिए प्रतिबद्ध है। अगर कोई साजिश है तो लंबे समय तक नहीं चलेगी। अगर कोई कमी है, तो उसे दूर किया जाएगा।''
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि रेल दुर्घटनाएं कराने की कोई भी साजिश लंबे समय तक नहीं चल पाएगी। शाह का यह बयान देश में पिछले दिनों हुईं रेल दुर्घटनाओं की पृष्ठभूमि में आया है।