जदयू के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने केंद्रीय बजट को विपक्ष द्वारा ‘सरकार बचाओ बजट’ बताए जाने पर तीखा पलटवार किया है। केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि, भाजपा के साथ उनकी पार्टी का चुनाव-पूर्व गठबंधन है जो ‘फेविकोल से चिपका हुआ’ है। इससे पहले ललन सिंह ने लोकसभा में केंद्रीय बजट पर चर्चा में भाग लेते हुए विपक्ष को खूब लताड़ा और कहा कि, पीएम मोदी ने इस बजट के माध्यम से ऐसी गुगली फेंकी है कि, कांग्रेस समेत समूचा विपक्ष क्लीन बोल्ड हो गया है।
विपक्ष पीएम मोदी से नफरत करता हैं
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने अपने बयान में आगे कहा कि, यह आत्मनिर्भर भारत बनाने की दिशा में मोदी जी के संकल्प को दर्शाने वाला बजट है। उन्होंने विपक्ष को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि, ऐसा लगता है कि, सदन में बजट पर नहीं, बल्कि नरेन्द्र मोदी जी की आलोचना पर भाषण चल रहा है। जदयू के वरिष्ठ नेता ने कहा कि, पूरे विपक्ष की शैली यह दर्शाती है कि, इन लोगों को मोदी जी का चेहरा पसंद नहीं है और वो पीएम मोदी से नफरत करते हैं।
देश की जनता नेमोदी के चेहरे को पसंद किया
इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष पर प्रहार जारी रखते हुए आगे कहा कि, लेकिन आप लोग क्या करेंगे, देश की जनता ने उनके चेहरे को पसंद किया है। उन्होंने कहा कि, पीएम मोदी की यह उपलब्धि है कि, 60 साल बाद किसी को तीसरी बार सरकार बनाने का मौका मिला है। जदयू के वरिष्ठ नेता ने आगे विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि, हमारा यह एक परामर्श है कि, आप लोग (विपक्ष) सच्चाई को स्वीकार कर लीजिए।
इस खेल में 99 पर पहुंचते ही सांप काट लेता है
सदन में बजट पर चर्चा में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, हम इनके साथ थे, ये गठबंधन के अंदर लॉबी चलाते हैं। इस कारण हम लोगों ने इन्हें प्रणाम किया और इधर (भाजपा के साथ) चले आए। जदयू के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कांग्रेस पर लोकसभा में उसकी 99 सीट को लेकर कटाक्ष किया और ‘सांप-सीढ़ी’ के खेल का जिक्र करते हुए कहा कि, इस खेल में 99 पर पहुंचते ही सांप काट लेता है और फिर सीधे शून्य पर पहुंच जाते हैं।
Comments (0)