नीतीश कुमार पलटी मारने को लेकर बदनाम हो चुके हैं। नीतीश बीजेपी और राजद-कांग्रेस दोनों गुटों के साथ सरकार चला चुके हैं वाले सवाल पर केसी त्यागी ने कहा कि, नीतीश कुमार थोड़े ज्यादा बदनाम हो गए लेकिन कोई पार्टी ऐसी नहीं है, जिसने अपने धुर-विरोधियों से हाथ न मिलाया हो।
इंदिरा ने DMK की सरकार गिराई थी
केसी त्यागी ने आगे पत्रकारों से चर्चा में कहा कि, कांग्रेस पार्टी का केस ले लीजिए। आपातकाल में DMK की सरकार गिराने का काम इंदिरा जी ने किया। मैं तो आपातकाल में जेल में रहा हूं। देवगौड़ा पीएम थे, उनके बाद बने गुजराल साहब… जैन कमिशन की सिफारिश आई कि, राजीव गांधी के मरने में डीएमके के कुछ नेताओं की भी भूमिका है और उनके मंत्री मंत्रिमंडल से निकाले जाएं, ऐसा कहकर कांग्रेस पार्टी ने सरकार को गिराया था। वो डीएमके उनके साथ है।
लालू-मुलायम पर बरसे त्यागी
केसी त्यागी ने यूपी के पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की बात करते हुए कहा कि, मुलायम सिंह यादव ने मिसेज गांधी को साल 1999 में पीएम नहीं बनने दिया था, उस रात वो जाकर जॉर्ज फर्नांडिस के घर में सो गए थे और सुरजीत साहब पूरी रात खोजते रहे कि, कहां चला गया मुलायम सिंह, वो पूरी रात सोए नहीं। उनकी सरकार नहीं बनी। केसी त्यागी ने आगे कहा कि, मुलायम सिंह की पार्टी भी आज वहां पर है। उन्होंने कहा कि, लालू जी की बेटी पैदा हुई थी आपातकाल में उनका नाम है मीसा, इतनी घृणा थी कांग्रेस पार्टी के लिए, वो भी उनके साथ हैं।
बीजेपी के खोले कच्चे चिट्ठे
इसके बाद भारतीय जनता पार्टी पर बात करते हुए नीतीश कुमार की पार्टी के सीनियर नेता केसी त्यागी ने कहा कि, जहां कुर्बान हुए मुखर्जी वो कश्मीर हमारा है, इस नारे के साथ उन्होंने जनसंघ शुरू की थी, उनके रिश्ते शेख अब्दुल्ला के पोते और बेटे दोनों से रहे, दोनों मंत्रिमंडल में रहे। केसी त्यागी ने कहा कि, मुफ्ती साहब की पार्टी का जो संविधान है, वो कहता है कि, करेंसी भी यहां पर इंडिया की नहीं चलेगी, उसके साथ भी भारतीय जनता पार्टी का रिश्ता नाता रहा।
Comments (0)