शनिवार दोपहर आक्रा-संतोषपुर इलाके में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते कई झुग्गियां जलकर राख हो गईं और पूरे इलाके में घना धुआं फैल गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास का पूरा क्षेत्र धुएं की चादर में ढक गया।
ओवरहेड तार जली, ट्रेन सेवाएं ठप
आग की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रेलवे लाइन की ओवरहेड तार भी जल गई। इसके चलते बज-बज–सियालदह रेल लाइन पर ट्रेन सेवाएं पूरी तरह से रोक दी गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
50-60 झुग्गियां जलकर राख
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस भीषण आग में करीब 50 से 60 झुग्गियां जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। आग की चपेट में आकर लोगों का सामान भी नष्ट हो गया।
दमकल की देरी पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि आग लगने के काफी देर बाद तक दमकल की गाड़ियां मौके पर नहीं पहुंचीं। इस दौरान स्थानीय लोगों ने खुद ही आग बुझाने की कोशिश शुरू की।
शॉर्ट सर्किट से आग की आशंका
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब 1 बजकर 40 मिनट पर आग लगी। शुरुआती अनुमान है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी हो सकती है। दमकल विभाग को सूचना दे दी गई है और आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है।