अयोध्या में 22 जनवरी 2024 को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम तैयारियां जारी हैं। पूरे देश और विदेशों में भी राम मंदिर के उद्घाटन को लेकर लोगों में बहुत ही उत्साह की भावना है। इसके अलावा राम मंदिर को लेकर देश में राजनीति भी खूब देखने को मिल रही हैं। बता दें कि, भारत के ही राजनीतिक दल राम मंदिर को लेकर विवादों में उलझे हुए हैं। एक ओर जहां कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के निमंत्रण को ठुकरा दिया है तो वहीं, अब कांग्रेस के कर्नाटक सरकार में मंत्री केएन राजन्ना ने तो राम को गुड़िया तक कह दिया है।
एक तंबू में दो गुड़िया रखीं और उन्हें राम कहा
कांग्रेस के कर्नाटक सरकार में मंत्री केएन राजन्ना ने राम मंदिर को लेकर विवादित बयान दिया है। मंत्री केएन राजन्ना ने कहा कि, हजारों साल के इतिहास वाले राम मंदिर हैं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी चुनावों के लिए मंदिर बना रही है। बीजेपी लोगों को धोखा दे रही है। उन्होंने कहा कि, जब बाबरी मस्जिद को ध्वस्त किया गया था तो मैं अयोध्या गया था। कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि, एक तंबू में दो गुड़िया रखीं और उन्हें राम कहा। जब हम राम मंदिर जाते हैं, तो हमें एक निश्चित वाइब्रेशन महसूस होता है। अयोध्या में मुझे कुछ भी महसूस नहीं हुआ।
कांग्रेस ने ठुकरा दिया है निमंत्रण?
आपको बता दें कि, पिछले महीने राम जन्मभूमि ट्रस्ट की तरफ से कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और कांग्रेस के दिग्गज नेता अधीर रंजन चौधरी को अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन का निमंत्रण मिला था। हालांकि, कांग्रेस ने कहा कि, खड़गे, सोनिया और अधीर बीजेपी और आरएसएस के इस आयोजन को निमंत्रण को ससम्मान अस्वीकार करते हैं। वहीं हाल ही में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी साफ कहा है कि, वह व कांग्रेस का कोई भी शीर्ष नेतृत्व राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में नहीं जायेगा।
Comments (0)