महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) प्रमुख अजित पवार का आज गुरुवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। 66 वर्षीय पवार का निधन बुधवार को बारामती में विमान दुर्घटना में हुआ था। उनका पार्थिव शरीर सुबह 11 बजे विद्या प्रतिष्ठान मैदान, बारामती में पंचतत्व में विलीन किया जाएगा।
महाराष्ट्र सरकार ने तीन दिन का शोक घोषित किया
राज्य सरकार ने उनके सम्मान में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। बारामती में आम नागरिक और पार्टी कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंची है। अंतिम यात्रा विद्या प्रतिष्ठान परिसर से प्रारंभ होकर प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए अंतिम संस्कार स्थल तक जाएगी।
अंतिम संस्कार में मंत्री और वरिष्ठ नेता होंगे शामिल
अजित पवार का पार्थिव शरीर पहले विद्या प्रतिष्ठान और फिर उनके पैतृक गांव कोटेवाड़ी में आम लोगों के दर्शन के लिए रखा जाएगा। अंतिम संस्कार में राज्य सरकार के सभी मंत्री और वरिष्ठ राजनीतिक नेता उपस्थित रहेंगे।
शोक अवधि में विशेष नियम लागू
राज्य सरकार के अनुसार, तीन दिन की शोक अवधि में महाराष्ट्र की सभी सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा, और इस दौरान कोई सरकारी मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा।
Comments (0)