डिब्रूगढ़ : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम में नए विधानसभा भवन की आधारशिला रखी। इस मौके पर उन्होंने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि बापू ने पूरे देश को आंदोलित कर भारत को स्वराज दिलाया। उन्होंने कहा कि आज का दिन राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि अर्पित करने का है।
अमित शाह ने 5 परियोजनाओं का भूमि पूजन किया
बीजेपी नेता अमित शाह ने बताया कि इस अवसर पर करीब 825 करोड़ रुपये की लागत से कुल पांच विकास परियोजनाओं का भूमि पूजन और उद्घाटन किया गया है। उन्होंने इसके लिए असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा को बधाई दी। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उनकी सरकार घोषणाओं को ज़मीन पर उतारने का काम कर रही है।
शाह ने विधानसभा परिसर का शिलान्यास किया
गृह मंत्री ने कहा कि वर्ष 2025 में मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा ने असम को समावेशी बनाने और डिब्रूगढ़ को राज्य की दूसरी राजधानी बनाने की घोषणा की थी। आज उसी घोषणा को साकार करते हुए लगभग 250 एकड़ क्षेत्र में असम के दूसरे विधानसभा परिसर का शिलान्यास किया गया है।
अमित शाह ने कांग्रेस पर साधा निशाना
इस दौरान अपने संबोधन में गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले की सरकारों में कई घोषणाएं सिर्फ कागजों तक सीमित रह जाती थीं, लेकिन वर्तमान सरकार में निर्णय लिए जाते हैं और उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा भी किया जाता है।
अमित शाह ने कहा कि इस नए विधानसभा परिसर के निर्माण से डिब्रूगढ़ को नई पहचान मिलेगी और अब पूरे देश में डिब्रूगढ़ के निवासी भी असम की राजधानी के नागरिकों के रूप में पहचाने जाएंगे। उन्होंने इसे असम के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।
Comments (0)