भारत का पहला सहकारिता आधारित राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म भारत टैक्सी आज आधिकारिक रूप से लॉन्च किया जा रहा है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इस सेवा का लक्ष्य अगले दो वर्षों में देश के सभी राज्यों और प्रमुख शहरों तक विस्तार करना है। भारत टैक्सी को मल्टी-स्टेट कोऑपरेटिव सोसाइटीज एक्ट, 2002 के तहत पंजीकृत किया गया है और इसकी स्थापना 6 जून 2025 को हुई थी। भारत टैक्सी ऐप का औपचारिक शुभारंभ केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह द्वारा विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में किया जाएगा। शुरुआती चरण में यह सेवा दिल्ली-NCR में शुरू होगी, जिसके बाद इसे चरणबद्ध तरीके से मुंबई, बेंगलुरु और चेन्नई जैसे बड़े शहरों में विस्तार दिया जाएगा।
ओला-उबर को टक्कर देने उतरी को-ऑपरेटिव टैक्सी सर्विस
ड्राइवर-ओनरशिप मॉडल पर आधारित भारत टैक्सी ऐप को ओला और उबर जैसी निजी कंपनियों के विकल्प के रूप में पेश किया जा रहा है। यह प्लेटफॉर्म जीरो कमीशन और सर्ज-फ्री प्राइसिंग मॉडल पर काम करेगा, जिससे ड्राइवरों को उनकी पूरी कमाई मिलेगी और यात्रियों को पारदर्शी व किफायती सेवा उपलब्ध होगी।
ड्राइवर-ओनरशिप मॉडल है सबसे बड़ी खासियत
भारत टैक्सी की सबसे बड़ी विशेषता इसका ड्राइवर-ओनरशिप मॉडल है। जहां निजी टैक्सी कंपनियां ड्राइवरों की कमाई से भारी कमीशन वसूलती हैं, वहीं भारत टैक्सी में किसी भी तरह का कमीशन नहीं लिया जाएगा। यहां ड्राइवर सिर्फ सेवा प्रदाता नहीं, बल्कि प्लेटफॉर्म के साझेदार और मालिक भी होंगे।
ड्राइवर बनेंगे सहकारी संस्था के हिस्सेदार
भारत टैक्सी से जुड़ने वाले प्रत्येक ड्राइवर को सहकारी संस्था के 5 शेयर दिए जाएंगे। इसके लिए ड्राइवरों को केवल एक न्यूनतम सदस्यता शुल्क देना होगा, जिसे वे दैनिक, साप्ताहिक या मासिक आधार पर जमा कर सकेंगे।
30% तक सस्ता किराया, बिना सर्ज प्राइसिंग
कंपनी का दावा है कि भारत टैक्सी का किराया बाजार दरों से 30 प्रतिशत तक कम हो सकता है। इस प्लेटफॉर्म पर सर्ज प्राइसिंग लागू नहीं होगी, यानी बारिश, ट्रैफिक या पीक ऑवर्स में भी किराया नहीं बढ़ेगा। यात्रियों को पहले से तय और पूरी तरह पारदर्शी किराया मिलेगा।
बाइक, ऑटो और कार—सब एक ही ऐप पर
भारत टैक्सी ऐप पर यात्रियों को बाइक, ऑटो और कार जैसे कई विकल्प उपलब्ध होंगे। यात्री अपनी जरूरत और बजट के अनुसार आसानी से सवारी चुन सकेंगे, जिससे रोजमर्रा की यात्रा और अधिक सुलभ बनेगी।
ड्राइवरों को बीमा और सामाजिक सुरक्षा
भारत टैक्सी को ड्राइवरों के लिए सामाजिक सुरक्षा से जुड़ा प्लेटफॉर्म भी बताया जा रहा है। इससे जुड़े प्रत्येक ड्राइवर को
- 5 लाख रुपये का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा
- 5 लाख रुपये का पारिवारिक स्वास्थ्य बीमा की सुविधा दी जाएगी।
आसान लोन से बढ़ेगा रोजगार
मल्टी-स्टेट कोऑपरेटिव सोसाइटीज एक्ट के तहत संचालित होने के कारण भविष्य में ड्राइवरों को आसान शर्तों पर वाहन ऋण भी उपलब्ध कराया जाएगा। इससे वे अपनी खुद की गाड़ी खरीदकर आत्मनिर्भर बन सकेंगे और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
लॉन्च से पहले ही मिला अच्छा रिस्पॉन्स
6 जून 2025 को स्थापना के बाद से अब तक 3 लाख से अधिक ड्राइवर भारत टैक्सी प्लेटफॉर्म से जुड़ चुके हैं। वहीं, 1 लाख से ज्यादा यूजर्स पहले ही ऐप पर पंजीकरण करा चुके हैं, जो इसकी लोकप्रियता और भरोसे को दर्शाता है।
Comments (0)