असम में चुनावी रैली के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पार्टी और उसके पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला किया। भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता अमित शाह ने कांग्रेस सांसद पर निशाना साधते हुए कहा कि, जब से राहुल गांधी कांग्रेस के नेता बने हैं, सभी कांग्रेसियों का स्तर और सार्वजनिक जीवन का स्तर नीच गिर गया है।
अरे कांग्रेसियों, आपको शर्म आनी चाहिए
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस के हालिया बयानों को लेकर तीखा कटाक्ष किया और कहा कि, दो दिन पहले कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि गुजरात और जो भाजपा का समर्थन करते हैं, वे अनपढ़ हैं। अरे कांग्रेसियों, आपको शर्म आनी चाहिए। जिस गुजरात ने दयानंद सरस्वती, महात्मा गांधी, सरदार वल्लभ भाई पटेल, महान टाटा और नरेंद्र मोदी जैसे नेता दिए, उस गुजरात को आप अनपढ़ कह रहे हैं।
भाजपा ने हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा है
भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता अमित शाह की यह टिप्पणी राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों में गर्माहट ला रही है। उन्होंने यह भी जोर देकर कहा कि भाजपा ने हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा है और ऐसे बयान न केवल गुजरात बल्कि पूरे देश के गौरव को ठेस पहुँचाते हैं। अमित शाह की यह टिप्पणी चुनावी माहौल को और अधिक गर्म कर सकती है, क्योंकि यह सीधे कांग्रेस नेतृत्व और उनकी नीतियों पर सवाल उठाती है।