भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने नितिन नबीन के भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभालने पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इसे पार्टी के लिए एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम बताया।
नितिन नबीन को बहुत-बहुत बधाई व शुभकामनाएं
भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता अनुराग ठाकुर ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि, नितिन नबीन को बहुत-बहुत बधाई व शुभकामनाएं। सर्वसम्मति से उनका चुनाव हुआ है। सबसे बड़ी बात यह है कि मात्र 45 वर्ष की उम्र में वे पांच बार विधायक रह चुके हैं और मंत्री समेत कई अहम पदों पर जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
नितिन नबीन की ऊर्जा, सादगी और युवाओं से जुड़ाव है
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अनुभव और लोकप्रियता है, वहीं दूसरी ओर नितिन नबीन की ऊर्जा, सादगी और युवाओं से जुड़ाव है। अनुराग ठाकुर ने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि, प्रधानमंत्री मोदी हमेशा कहते रहे हैं कि एक लाख युवाओं को राजनीति में आना चाहिए। आज भाजपा ने इसे करके दिखाया है।
भाजपा युवाओं को अवसर देने वाली पार्टी है
जेन Z को संदेश देते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा युवाओं को अवसर देने वाली पार्टी है। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा, “दूसरी ओर परिवारवादी पार्टियां हैं, जो नाम और परिवार के आधार पर पद देती हैं, लेकिन काम करने का मौका नहीं देतीं। ठाकुर के इस बयान को भाजपा में युवा नेतृत्व और संगठनात्मक मजबूती की दिशा में उठाए गए बड़े कदम के रूप में देखा जा रहा है।
Comments (0)