कोलकाता/आसनसोल: पश्चिम बंगाल के आसनसोल में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। तृणमूल कांग्रेस की सभा खत्म होने के तुरंत बाद एक अनियंत्रित बस अचानक भीड़ में जा घुसी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में कई लोग घायल हो गए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सभा के बाद मची भगदड़
यह घटना आसनसोल के रेलपार इलाके की है, जहां तृणमूल उम्मीदवार मलय घटक के समर्थन में एक चुनावी कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम समाप्त होते ही अचानक एक बस तेज रफ्तार में भीड़ की ओर बढ़ी और लोगों को चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस कब्रिस्तान की दीवार तोड़ते हुए सड़क किनारे खड़े ऑटो, टोटो और दुकानों से जा टकराई।
7 साल की बच्ची समेत कई घायल
हादसे में एक 7 साल की मासूम बच्ची सहित करीब 12 लोग घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल बन गया।
गुस्साए लोगों का हंगामा, सड़क जाम
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आक्रोश में आकर बस में तोड़फोड़ की और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस और केंद्रीय बलों को मौके पर तैनात किया गया, जिसके बाद स्थिति धीरे-धीरे नियंत्रण में लाई गई।
चालक पर नशे में होने का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बस चला रहा व्यक्ति CISF का जवान था और वह नशे की हालत में था। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह महज लापरवाही थी या इसके पीछे कोई और वजह।
मलय घटक ने की शांति की अपील
घटना की सूचना मिलते ही तृणमूल नेता मलय घटक मौके पर पहुंचे और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने घायलों के समुचित इलाज का भरोसा दिया और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की।