देश के दो राज्यों असम, केरल और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में आज विधानसभा चुनाव के लिए शाम 6 बजे मतदान समाप्त हो गया। अब सिर्फ वही मतदाता वोट डाल सकेंगे, जो शाम 6 बजे तक मतदान केंद्र पर पहुंच चुके थे। चुनाव आयोग के मुताबिक, शाम 5 बजे तक असम में 84.42%, केरल में 75.01% और पुडुचेरी में 86.92% मतदान दर्ज किया गया।
पुडुचेरी में कांग्रेस-भाजपा समर्थकों के बीच झड़प
पुडुचेरी के मन्नादिपेट इलाके में एक पोलिंग बूथ पर कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच झड़प हो गई। हालात काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। वहीं, पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी वोट डालने के लिए बाइक से पोलिंग बूथ पहुंचे।
मां कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना
उधर, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने गुवाहाटी में मां कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने अपनी पत्नी के साथ जालुकबाड़ी में मतदान किया।