असम, केरल और पुदुचेरी। इन राज्यों में 9 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान आज शाम समाप्त हो जाएगा। तीनों जगहों पर मतदान एक ही चरण में कराया जाएगा। असम की 126, केरल की 140 और पुदुचेरी की 30 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होगी। खासतौर पर केरल में 2.71 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 1.32 करोड़ पुरुष, 1.39 करोड़ महिलाएं और 273 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा 2.42 लाख से अधिक प्रवासी मतदाता भी मतदान के पात्र हैं। राज्य में कुल 890 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनकी किस्मत का फैसला गुरुवार को होगा।
केरल में दिग्गजों ने झोंकी ताकत
- चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में नरेंद्र मोदी ने एनडीए उम्मीदवारों के समर्थन में कई रैलियां और रोड शो किए।
- वहीं, अमित शाह, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी राज्य में जोरदार प्रचार किया।
- सत्तारूढ़ एलडीएफ के प्रचार अभियान की कमान मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने संभाली।
तमिलनाडु-बंगाल में आज नामांकन पत्रों की जांच
तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में आज नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। दोनों राज्यों में नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और उम्मीदवार गुरुवार तक अपने नाम वापस ले सकते हैं।
23 और 29 अप्रैल को अगले चरण की वोटिंग
- तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों और पश्चिम बंगाल के पहले चरण की 152 सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान होगा।
- वहीं, पश्चिम बंगाल के दूसरे चरण की वोटिंग 29 अप्रैल को 142 सीटों पर कराई जाएगी। चारों राज्यों और पुदुचेरी के लिए मतगणना 4 मई को होगी।