कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के मतदान के बीच एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। राज्य के चार अलग-अलग जिलों में वोट डालने पहुंचे चार मतदाताओं की मौत हो गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, भीषण गर्मी और लू के कारण आए दिल के दौरे (हार्ट अटैक) को इन मौतों की वजह माना जा रहा है।
इन जिलों में हुआ हादसा:
पूर्व मेदिनीपुर: पोटाशपुर के बामनबाड़ जूनियर हाई स्कूल (बूथ नंबर 234) में 58 वर्षीय नृपेंद्र दास की मौत हो गई। वे काफी देर तक लाइन में खड़े थे, तभी अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पश्चिम मेदिनीपुर: केशपुर के सीमा गेरिया इलाके की निवासी इसरातन बीबी की वोट डालने के तुरंत बाद मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वे अपने पति का नाम मतदाता सूची से कटने के कारण गहरे मानसिक तनाव में भी थीं।
मालदा: मालतीपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रमिला बागदी नामक महिला मतदाता की जान चली गई।
बीरभूम: स्यूरी में मतदान के दौरान असीम राय नामक व्यक्ति की मृत्यु हो गई।
गर्मी और तनाव का डबल अटैक
अलीपुर मौसम विभाग ने पहले ही राज्य के पश्चिमी जिलों में ताप लहर (Heatwave) की चेतावनी जारी की थी। गुरुवार सुबह से ही सूरज के तीखे तेवर देखे गए। पोटाशपुर और केशपुर जैसी जगहों पर सुबह से ही लंबी कतारें थीं। केशपुर की मृतक इसरातन बीबी के परिजनों का कहना है कि उनके पति शेख नवाबजान अली का नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया था, जिससे वे डरी हुई थीं कि कहीं उनके पति को देश से बाहर न भेज दिया जाए। इसी तनाव और चिलचिलाती धूप के बीच उन्होंने दम तोड़ दिया।
रिकॉर्ड मतदान के बीच मातम
चुनाव आयोग के अनुसार, सुबह 11 बजे तक रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया है, लेकिन इन मौतों ने चुनावी उत्साह के बीच मातम फैला दिया है। जिला प्रशासन ने इन घटनाओं की रिपोर्ट मांगी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि भीषण गर्मी को देखते हुए बूथों पर पर्याप्त छाया और पानी के इंतजाम और बेहतर होने चाहिए थे।