पश्चिम बंगाल में गर्मी ने अब अपना असर तेज कर दिया है और नए साल (बैशाख) की शुरुआत के साथ ही तापमान में और उछाल देखने को मिलेगा। कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में अगले कुछ दिनों में तापमान 3 से 7 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। वहीं पश्चिमी जिलों जैसे पुरुलिया ,बांकुरा, झाड़ग्राम और पश्चिम मेदिनीपुर में पारा 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
कैसा रहेगा मौसम?
अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार 14 से 17 अप्रैल के बीच दक्षिण बंगाल में मौसम गर्म और उमस भरा रहेगा। कोलकाता में तापमान 35-36°C के आसपास रहेगा, जबकि 90% से ज्यादा आर्द्रता के कारण उमस लोगों को परेशान करेगी। फिलहाल सोमवार तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है और आसमान अधिकतर साफ रहेगा।
लू का बढ़ता खतरा
दक्षिण बंगाल के जिलों में आने वाले दिनों में लू की तीव्रता बढ़ सकती है। खासकर पश्चिमी हिस्सों में गर्म हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ाएंगी। हालांकि अभी आधिकारिक लू चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन हालात तेजी से बदल सकते हैं।
उत्तर बंगाल में राहत
जहां दक्षिण बंगाल में गर्मी का प्रकोप बढ़ेगा, वहीं उत्तर बंगाल में कुछ राहत मिल सकती है। दार्जिलिंग, कलिंपोंग, अलीपुरद्वार, कूच बिहाय और जलपाईगुड़ी में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग की अहम बातें
- दक्षिण बंगाल में तापमान 3-7°C तक बढ़ेगा
- पश्चिमी जिलों में पारा 40°C के करीब
- 14 अप्रैल के बाद हल्की बारिश, लेकिन गर्मी से राहत नहीं
- उत्तर बंगाल में बारिश और तेज हवाओं की संभावना