कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के अंतिम चरण से पहले भवानीपुर में चुनावी सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। शनिवार को भवानीपुर के चक्रबेड़िया स्थित स्वामी नारायण मंदिर के पास मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की जनसभा के दौरान राजनीतिक तनाव खुलकर सामने आया।
ममता बनर्जी को बीच में छोड़नी पड़ी सभा
तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने आरोप लगाया कि पास में चल रही भारतीय जनता पार्टी (BJP) की रैली के लाउडस्पीकर जानबूझकर ममता बनर्जी की सभा स्थल की ओर मोड़ दिए गए थे, जिससे उनके भाषण में बाधा उत्पन्न हुई। इससे नाराज ममता बनर्जी ने सभा में मौजूद लोगों से माफी मांगी और कहा कि इसका जवाब जनता वोट के जरिए दे। उन्होंने समर्थकों से अपील करते हुए कहा, “आप लोग वोट के माध्यम से जवाब दें।” इसके बाद उन्होंने सभा को बीच में ही समाप्त कर दिया।
BJP ने भी लगाया बाधा पहुंचाने का आरोप
वहीं भाजपा ने भी आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में चल रहे उनके प्रचार अभियान में तृणमूल समर्थकों ने व्यवधान पैदा किया। भाजपा कार्यकर्ताओं के अनुसार, “जय बांग्ला” के नारे और तेज लाउडस्पीकर के जरिए उनके कार्यक्रम को प्रभावित करने की कोशिश की गई। इसके जवाब में भाजपा समर्थकों ने “जय श्रीराम” के नारे लगाए, जिससे इलाके का माहौल और अधिक गर्म हो गया।
भवानीपुर के वार्ड 73 में बढ़ा तनाव
पूरी घटना भवानीपुर के वार्ड 73 में हुई, जहां दोनों दलों के समर्थकों के बीच तनाव देखने को मिला। अंतिम चरण के मतदान से पहले इस तरह की राजनीतिक टकराहट ने चुनावी माहौल को और अधिक हाई-वोल्टेज बना दिया है राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भवानीपुर जैसी हाई-प्रोफाइल सीट पर हर छोटी घटना भी बड़े राजनीतिक संदेश के रूप में देखी जा रही है।