चेन्नई - चेन्नई में आगामी तमिलनाडु विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी कड़ी में बीजेपी ने अपना बहुप्रतीक्षित घोषणापत्र जारी कर दिया। इस अवसर पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद रहे, जिनमें केंद्रीय मंत्री और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंथ्रन, प्रदेश के प्रमुख नेता के अन्नामलाई और वरिष्ठ नेता तमिलिसाई सुंदरराजन शामिल थे।
तमिलनाडु दुनिया की सबसे प्राचीन सभ्यता है
घोषणापत्र जारी करते हुए जेपी नड्डा ने अपने संबोधन में तमिलनाडु की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु दुनिया की सबसे प्राचीन सभ्यताओं में से एक है और हर भारतीय को इस पर गर्व है। हालांकि, उन्होंने वर्तमान स्थिति पर चिंता जताते हुए आरोप लगाया कि राज्य को “सांस्कृतिक राजधानी से अपराध की राजधानी” में बदल दिया गया है।
जनता अब बदलाव चाहती है
बीजेपी नेता जेपी नड्डा ने राज्य की सत्तारूढ़ Dravida Munnetra Kazhagam (डीएमके) सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और अपराध बढ़ा है, जिससे आम जनता में आक्रोश है। उन्होंने दावा किया कि जनता अब बदलाव चाहती है और आगामी चुनावों में इस “नापाक गठबंधन” का पर्दाफाश करेगी।
सुरक्षा को प्राथमिकता देने का वादा किया
इस दौरान भाजपा नेताओं ने यह भी संकेत दिया कि उनका घोषणापत्र विकास, सुशासन, रोजगार, बुनियादी ढांचे और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर केंद्रित है। पार्टी ने राज्य में निवेश बढ़ाने, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने और महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का वादा किया।
भाजपा एक मजबूत विकल्प के रूप में उभर रही
कार्यक्रम में मौजूद के अन्नामलाई ने कहा कि भाजपा तमिलनाडु में एक मजबूत विकल्प के रूप में उभर रही है और जनता के बीच पार्टी की स्वीकार्यता तेजी से बढ़ रही है। वहीं तमिलिसाई सुंदरराजन ने भी पार्टी की नीतियों और योजनाओं को राज्य के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
घोषणापत्र आगामी चुनावों में पार्टी की रणनीति का हिस्सा
भाजपा का यह घोषणापत्र आगामी चुनावों में पार्टी की रणनीति का अहम हिस्सा होगा। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि राज्य की जनता इस घोषणापत्र को कितना समर्थन देती है और चुनावी मुकाबले में इसका क्या प्रभाव पड़ता है। तमिलनाडु की राजनीति पर पूरे देश की नजर बनी हुई है, और आने वाले दिनों में चुनावी माहौल और भी गरमाने की संभावना है।