जयपुर: जयपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को विश्वास जताया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी और राज्य में पार्टी का ‘कमल’ खिलेगा। टोंक में भाजपा जिला कार्यालय के उद्घाटन के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बंगाल में पार्टी के कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता का समर्थन बदलाव का संकेत दे रहा है।
पश्चिम बंगाल में सरकार परिवर्तन का दावा
नितिन नवीन ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता मौजूदा शासन व्यवस्था से परेशान है और बदलाव चाहती है। उन्होंने दावा किया कि चार मई को मतगणना के दिन भाजपा की सरकार बनने की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी और राज्य में भगवा लहराएगा। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के संघर्ष से पार्टी वहां मजबूत स्थिति में पहुंच चुकी है।
कार्यकर्ताओं को परिश्रम और अनुशासन का संदेश
भाजपा अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राजनीति में किसी भी तरह के शॉर्टकट से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीति सौ मीटर की दौड़ नहीं बल्कि लंबी दौड़ है, जिसमें धैर्य और क्षमता की परीक्षा होती है। उन्होंने संगठन को लगातार मेहनत कर नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर विपक्ष पर हमला
नारी शक्ति वंदन अधिनियम का जिक्र करते हुए नितिन नवीन ने कांग्रेस सहित विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने महिलाओं के अधिकारों को रोकने का काम किया है, जबकि भाजपा सरकार महिलाओं को उनका हक और सम्मान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो भी संकल्प लेते हैं, उसे पूरा करके दिखाते हैं।
भाजपा के विस्तार और नेतृत्व की सराहना
नवीन ने कहा कि भाजपा का विस्तार अंग से बंग और अब कलिंग तक लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि वे केवल देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लक्ष्य रखा कि भाजपा को विश्व की सबसे लोकप्रिय पार्टी बनाना है।
जिला कार्यालयों का उद्घाटन और संगठन विस्तार
कार्यक्रम के दौरान नितिन नवीन ने टोंक भाजपा जिला कार्यालय का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने बूंदी, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, चूरू, पाली और बाड़मेर जिला कार्यालयों का वर्चुअल उद्घाटन भी किया। जालौर जिला कार्यालय का शिलान्यास भी वर्चुअल माध्यम से किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ भी मौजूद रहे।