नई दिल्ली - भारत में 18वें BRICS समिट को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। दुनिया के कई बड़े नेताओं और उनके प्रतिनिधिमंडलों का भारत पहुंचना जारी है। मेहमानों के स्वागत से लेकर उनके ठहरने और खाने तक हर व्यवस्था को खास बनाया जा रहा है। ऐसे में विदेशी मेहमानों के लिए तैयार की जा रही खास थाली में भारतीय स्वाद के साथ देश की सांस्कृतिक विविधता की झलक भी देखने को मिलेगी।
मेहमानों की पसंद का रखा जाता है खास ध्यान
अंतरराष्ट्रीय स्तर के समिट में खाने का मेन्यू तैयार करना भी प्रोटोकॉल का अहम हिस्सा होता है। मेहमानों की पसंद-नापसंद, धार्मिक मान्यताओं और वेज या नॉन-वेज भोजन की प्राथमिकताओं को ध्यान में रखकर व्यंजन चुने जाते हैं। इस पूरी प्रक्रिया में प्रधानमंत्री कार्यालय, विदेश मंत्रालय और प्रोटोकॉल से जुड़ी टीमें व्यवस्थाओं की निगरानी करती हैं, ताकि विदेशी प्रतिनिधियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
थाली में दिखेगी भारत की विविधता
इस बार मेन्यू के जरिए भारत के अलग-अलग राज्यों के पारंपरिक स्वाद को पेश करने की कोशिश की जा रही है। इसमें कश्मीर से लेकर राजस्थान, महाराष्ट्र, बंगाल और दक्षिण भारत तक के व्यंजनों को जगह दी गई है। खास मेन्यू में कश्मीरी अखरोट, राजस्थान की मिनी कचौरी, महाराष्ट्र की भाकरवाड़ी, बंगाल की कुचो निमकी और तमिलनाडु का मुरुक्कू शामिल हैं। इसके अलावा रागी डोसा और बाजरा उपमा जैसे मिलेट आधारित व्यंजनों को भी मेहमानों के सामने परोसा जा सकता है।
कमल से तैयार की गई मिठाई जैसे कुछ खास व्यंजन भी मेन्यू का हिस्सा बताए जा रहे हैं, जिनके जरिए भारतीय परंपरा और स्थानीय सामग्री को अंतरराष्ट्रीय मेहमानों तक पहुंचाने की कोशिश होगी।
‘इंडिया फ्रेंडशिप मेनू’ में भारतीय स्वाद
ताज महल होटल के एग्जीक्यूटिव शेफ कौशिक मिश्रा के मुताबिक, मेन्यू तैयार करते समय भारतीय मसालों, फूलों और जड़ी-बूटियों से जुड़े अलग-अलग स्वादों को ध्यान में रखा गया है। साथ ही ऐसे व्यंजन चुने गए हैं जो विदेशी मेहमानों को भारतीय स्वाद के साथ सहज और परिचित अनुभव भी दें। रूम सर्विस और डाइनिंग के लिए तैयार इस विशेष मेन्यू को ‘इंडिया फ्रेंडशिप मेनू’ नाम दिया गया है।
‘ट्रेडिशन टू टेबल’ की खास थीम
मेहमानों के स्वागत के लिए ताज महल होटल की ओर से ‘ट्रेडिशन टू टेबल’ थीम के तहत कई पारंपरिक स्नैक्स भी तैयार किए गए हैं। इसमें कश्मीर के मसालेदार अखरोट, पुरानी दिल्ली की मैदा काजू, राजस्थान की खस्ता मिनी कचौरी, महाराष्ट्र की कुरकुरी भाकरवाड़ी, बंगाल की कुचो निमकी और तमिलनाडु का मुरुक्कू शामिल है।
खाने के जरिए दिखेगी ‘एक भारत’ की तस्वीर
BRICS जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन में भोजन सिर्फ मेहमानों की जरूरत पूरी करने का माध्यम नहीं होता, बल्कि यह मेजबान देश की संस्कृति को पेश करने का जरिया भी बन जाता है। अलग-अलग राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों को एक साथ पेश कर भारत की विविधता और खान-पान की समृद्ध परंपरा को विदेशी मेहमानों तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। इस तरह BRICS समिट में होने वाली कूटनीतिक बातचीत के साथ विदेशी मेहमानों को भारत की संस्कृति का स्वाद भी चखने का मौका मिलेगा।