आज 1 फरवरी 2026 को केंद्र सरकार का आम बजट पेश किया जाएगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सुबह 11 बजे संसद में बजट भाषण देंगी। इस बजट में सरकार की ओर से 5 बड़े ऐलान किए जाने की संभावना है।अनुमान लगाया जा रहा है कि नौकरीपेशा लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है और 13 लाख रुपये तक की सालाना आय पर टैक्स नहीं देना पड़े। वहीं, इम्पोर्ट ड्यूटी में कटौती होने से सोना और चांदी भी सस्ते हो सकते हैं।
बजट 2026 की संभावित 5 बड़ी घोषणाएं
1. इनकम टैक्स राहत
नए टैक्स रिजीम में स्टैंडर्ड डिडक्शन को 75 हजार रुपये से बढ़ाकर 1 लाख रुपये किया जा सकता है। इससे सैलरीड क्लास की 13 लाख रुपये तक की इनकम टैक्स-फ्री हो सकती है।
2. किसान सम्मान निधि
पीएम-किसान योजना के तहत मिलने वाली सालाना राशि 6 हजार रुपये से बढ़ाकर 9 हजार रुपये किए जाने की उम्मीद है। पिछले 2-3 साल से इस बढ़ोतरी की मांग उठ रही है।
3. रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर
वेटिंग लिस्ट की समस्या कम करने के लिए 300 से ज्यादा नई अमृत भारत और वंदे भारत ट्रेनों की घोषणा हो सकती है। रेलवे को अब तक का सबसे बड़ा बजट आवंटन मिलने की संभावना है।
4. पीएम सूर्य घर योजना
2 किलोवाट तक के सोलर सिस्टम पर मिलने वाली सब्सिडी को 30 हजार रुपये प्रति किलोवाट से बढ़ाकर 40 हजार रुपये प्रति किलोवाट किया जा सकता है।
5. आयुष्मान भारत योजना
आयुष्मान भारत (PM-JAY) योजना का दायरा बढ़ाया जा सकता है। फिलहाल 70 साल से ऊपर के बुजुर्गों को इसका लाभ मिलता है, जिसे घटाकर 60 साल करने पर विचार हो सकता है।
सोना-चांदी हो सकते हैं सस्ते
सरकार सोना और चांदी पर लगने वाली बेसिक कस्टम ड्यूटी को 6% से घटाकर 4% कर सकती है। ऐसा होने पर सोना प्रति 10 ग्राम करीब 3 हजार रुपये और चांदी लगभग 6 हजार रुपये तक सस्ती हो सकती है।
Comments (0)