इंदौर । संविधान निर्माता डॉ.बी.आर. अंबेडकर की जयंती के अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने आज डॉ. अंबेडकर नगर (महू) स्थित उनकी जन्मस्थली पर बने भव्य स्मारक पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्मारक परिसर का अवलोकन किया और यहां स्थापित बाबा साहेब के अस्थि कलश के दर्शन कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। साथ ही उन्होंने भंते श्री धर्मशील की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर सम्मान प्रकट किया।
कई जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु रहे मौजूद
इस अवसर पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ,जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट विधायक ऊषा ठाकुर मौजूद रहीं। इनके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों से आए जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों की भी सक्रिय उपस्थिति रही, जिससे आयोजन की गरिमा और अधिक बढ़ गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन भी इस अवसर पर महू पहुंचे और बाबा साहेब के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

CM ने समरसता का दिया संदेश
महू में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बाबा साहेब बीआर अंबेडकर के अनुयायियों के साथ सहभोज कर सामाजिक समरसता और समानता का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने आमजन के बीच बैठकर भोजन किया और उनसे संवाद भी किया। यह पहल न केवल श्रद्धांजलि का प्रतीक रही, बल्कि समाज में एकता, भाईचारे और बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात करने का सशक्त संदेश भी बनकर सामने आई।
श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं
राज्य शासन द्वारा महू में श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। श्रद्धालुओं और भंतों के ठहरने की समुचित व्यवस्था के साथ-साथ नि:शुल्क भोजन और शीतल जल की सुविधा उपलब्ध कराई गई। प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया गया कि किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। यह कार्यक्रम आस्था, सम्मान और सामाजिक समरसता का प्रतीक बना, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की।