कांग्रेस सांसद राहुल गांधी इन दिनों अमेरिका दौरे पर हैं। इस बीच, इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के चेयरमैन सैम पित्रोदा ने एक बार फिर राहुल गांधी की जमकर तारीफ की। पित्रोदा ने टेक्सास में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि, उनकी पार्टी के नेता राहुल गांधी का नजरिया भारतीय जनता पार्टी के नजरिए के विपरीत है और वह 'पप्पू' नहीं हैं।
राहुल गांधी 'पप्पू' नहीं हैं
इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के चेयरमैन सैम पित्रोदा ने इस दौरान यह भी कहा कि, राहुल गांधी का एजेंडा कुछ बड़े मुद्दों को संबोधित करना है। उनके पास ऐसा विजन है, जो भारतीय जनता पार्टी द्वारा करोड़ों रुपये खर्च करके प्रचारित किए जाने से विपरित है। सैम पित्रोदा ने आगे कहा कि, मुझे बताना होगा आप वह 'पप्पू' नहीं हैं, वह उच्च शिक्षित हैं, वह किसी भी विषय पर गहरी सोच रखने वाले रणनीतिकार हैं।
राहुल गांधी का एजेंडा अलग है
अपने संबोधन में सैम पित्रोदा ने आगे कहा कि, भारतीय जनता पार्टी ( बीजेपी ) उनके ( राहुल गांधी ) बारे में बीते दस सालों से जो कह रही है, उसके बजाए मुझे राहुल गांधी पर पूरा भरोसा है। भारत को जुमले की नहीं, बल्कि मॉर्डन सोच और युवा नेताओं की जरूरत है। इसके साथ ही पित्रोदा ने इस दौरान यह भी कहा कि, राहुल गांधी का एजेंडा अलग है, जो उस चीज पर अधिक केंद्रित है, जिसे हम लंबे समय से संबोधित करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन ठीक से संबोधित नहीं कर पाए हैं और वह है समावेशिता, विविधता का जश्न मनाना।
लोकतंत्र इतना सरल नहीं है
इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के चेयरमैन सैम पित्रोदा ने स्पष्ट किया कि, लोकतंत्र इतना सरल नहीं है और इसे हल्के में नहीं लिया जा सकता। आपको बता दें कि, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी अमेरिका के तीन दिनों के दौरे पर हैं। राहुल ने अपनी अमेरिकी यात्रा के पहले दिन 8 सितंबर को डलास में यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास के छात्रों और शिक्षाविदों से बातचीत की। इसी से जुड़े एक कार्यक्रम में सैम पित्रोदा ने भारत को लेकर राहुल गांधी के विजन पर बात की।
Comments (0)