भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार प्रवेश वाही ने 165 में से 156 वोट हासिल कर दिल्ली के मेयर पद पर जीत दर्ज की है। उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के उम्मीदवार मोहम्मद जरीफ को हराया, जिन्हें सिर्फ 9 वोट मिले। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी ने हिस्सा नहीं लिया, जिससे मुकाबला सीधा भाजपा और कांग्रेस के बीच रहा। वाही ने बड़े अंतर से जीत हासिल कर एकतरफा मुकाबला अपने नाम किया।
दिल्ली नगर निगम में मतदान और मतगणना पूरी हुई, जिसके बाद राजधानी को नया मेयर मिल गया। प्रवेश वाही इससे पहले तीन बार पार्षद रह चुके हैं। उनके मेयर बनने पर सदन में “जय श्री राम” और “भारत माता की जय” के नारे भी लगे। जीत के बाद वाही ने कहा कि उनका उद्देश्य दिल्लीवासियों को बेहतर सुविधाएं देना है और शहर को स्वच्छ बनाना उनकी प्राथमिकता होगी।
कौन हैं प्रवेश वाही?
प्रवेश वाही का राजनीतिक सफर विश्व हिंदू परिषद के खंड प्रमुख के रूप में शुरू हुआ। बाद में वे भाजपा से जुड़ गए और मंडल अध्यक्ष तथा युवा मोर्चा में भी सक्रिय रहे। उन्होंने पहला चुनाव 2007 में जीता और इसके बाद 2012 व 2022 में रोहिणी वार्ड से पार्षद चुने गए। वे निगम की निर्माण समिति और जोन चेयरमैन के पद पर भी रह चुके हैं। साथ ही वर्ष 2016-17 में उत्तरी निगम की स्थायी समिति के चेयरमैन भी रहे। माना जा रहा था कि मेयर पद के लिए भाजपा नेतृत्व की पहली पसंद वही थे।
आप की दूरी ने आसान की राह
मेयर चुनाव में भाजपा के पास पहले से ही पर्याप्त संख्याबल था, जबकि कांग्रेस के पास केवल 9 पार्षद थे। इस बीच आम आदमी पार्टी के चुनाव से दूरी बनाने के फैसले ने भाजपा की जीत को और आसान बना दिया। आप के पास 105 वोट थे, लेकिन पार्टी के पार्षद सदन में मौजूद नहीं रहे, जिससे भाजपा को स्पष्ट बढ़त मिली।