दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित किया है। देर रात से छाए कोहरे के कारण सड़क यातायात के साथ-साथ हवाई सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित हुईं। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (IGI) पर उड़ानों के संचालन पर इसका सीधा असर देखने को मिला। जानकारी के अनुसार, कोहरे के चलते एयरपोर्ट पर 220 से अधिक उड़ानें देरी से संचालित हुईं, जबकि खराब दृश्यता को देखते हुए करीब 40 उड़ानों को रद्द कर दिया गया। इसके अलावा 10 विमानों को जयपुर, अहमदाबाद और लखनऊ की ओर डायवर्ट किया गया।
रनवे पर दृश्यता शून्य से 50 मीटर के बीच दर्ज की गई
अलसुबह रनवे पर दृश्यता शून्य से 50 मीटर के बीच दर्ज की गई, जिससे एयरपोर्ट का परिचालन गंभीर रूप से प्रभावित हुआ। यात्रियों को लंबी प्रतीक्षा, उड़ान रद्द होने और डायवर्जन के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
उड़ान से पहले एयरलाइन से जानकारी लें
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी डीजीसीए के नियमों और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण IGI एयरपोर्ट का संचालन प्रभावित होता रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले घंटों में भी कोहरे की स्थिति बने रहने की संभावना जताई है, ऐसे में यात्रियों को उड़ान से पहले एयरलाइन से जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
Comments (0)