रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत अब कमजोर देश नहीं रहा और आत्मनिर्भरता की राह पर तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि देश अब अपने हथियार खुद बना रहा है और इस परिवर्तन में उत्तर प्रदेश की भूमिका अग्रणी है। सिंह के अनुसार सरकार की सोच और निरंतर मेहनत ही भारत को मजबूत बना रही है और यही दृष्टिकोण आज के शासन की पहचान है।
अशोक लेलैंड ईवी संयंत्र का उद्घाटन
राजधानी लखनऊ के सरोजनी नगर क्षेत्र में अशोक लेलैंड के अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक वाहन विनिर्माण संयंत्र के उद्घाटन के अवसर पर राजनाथ सिंह ने कहा कि यह इकाई उत्तर प्रदेश की औद्योगिक यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी और हिंदुजा परिवार के सदस्य भी उपस्थित रहे। सिंह ने इस उपलब्धि के लिए अशोक लेलैंड, हिंदुजा समूह और उत्तर प्रदेश की जनता को बधाई दी।
बदली हुई पहचान वाला उत्तर प्रदेश
रक्षा मंत्री ने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य कहा जाता था और इसकी पहचान अपराध व गुंडाराज से जोड़ी जाती थी। आज वही उत्तर प्रदेश तेजी से औद्योगिक केंद्र के रूप में उभर रहा है, जहां लगातार नए उद्योग स्थापित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश के युवाओं को रोजगार के लिए बाहर जाने की मजबूरी नहीं है और राज्य देश के विकास में सक्रिय योगदान दे रहा है।
रक्षा उत्पादन में प्रदेश की बढ़ती ताकत
राजनाथ सिंह ने लखनऊ में स्थापित ब्रह्मोस एयरोस्पेस फैक्टरी का उल्लेख करते हुए कहा कि अब ब्रह्मोस मिसाइल भारत में और खास तौर पर उत्तर प्रदेश में बन रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में बनाए गए रक्षा गलियारे के माध्यम से हथियार, गोला-बारूद और लड़ाकू जहाजों से जुड़ा उपकरण देश में ही तैयार किया जाएगा, जिससे आत्मनिर्भर रक्षा क्षमता को मजबूती मिलेगी।
रोजगार और निवेश की नई संभावनाए
सिंह ने कहा कि ‘डबल इंजन’ सरकार ने उत्तर प्रदेश में विकास को और गति देने के लिए नई औद्योगिक नीतियां लागू की हैं। सरकार का लक्ष्य है कि अगले पांच वर्षों में हजारों करोड़ रुपये का निवेश आए और लाखों युवाओं को सीधा रोजगार मिले। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश की प्रगति देश की समग्र आर्थिक वृद्धि को नई दिशा देगी।
विकसित भारत का मार्ग
लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह ने कहा कि जब भारत तेज़ी से विकास की ओर बढ़ रहा है, तब उत्तर प्रदेश का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि एक विकसित भारत का रास्ता विकसित उत्तर प्रदेश से होकर ही जाएगा। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी कहा कि अशोक लेलैंड के ईवी संयंत्र का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य में निवेशकों के बढ़ते भरोसे को दर्शाता है।
Comments (0)