BIHAR NEWS: बिहार भाजपा में बड़ा उलटफेर हुआ है। गुरुवार आधी रात बीजेपी ने प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी का पत्ता साफ करते हुए दिलीप जायसवाल को पार्टी की कमान सौंपी है। आपको बता दें कि, केंद्रीय नेतृत्व ने सम्राट चौधरी को एक साल के भीतर ही प्रदेश अध्यक्ष के पद से हटा दिया। बीजेपी नेता दिलीप जायसवाल वर्तमान में राज्य की नीतीश सरकार में भूमि सुधार और राजस्व मंत्री हैं। BJP के केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश अध्यक्ष बनाकर जायसवाल को प्रदेश में अगले साल होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव से पहले बड़ी जिम्मेदारी दी है।
दिलीप जायसवाल वैश्य समाज से आते हैं
आपको बता दें कि, नए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल वैश्य समाज से आते हैं। उनकी सीमांचल में अच्छी राजनीतिक पकड़ है। जायसवाल बिहार विधान परिषद के सदस्य हैं। वह वर्तमान में भूमि सुधार मंत्री के रूप में काम कर रहें। दिलीप जायसवाल को बीजेपी ने प्रदेश अध्यक्ष बनाकर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। मूल रूप से खगड़िया जिले के रहने वाले जायसवाल तीसरी बार विधान परिषद के सदस्य हैं। बिहार प्रदेश भाजपा के कोषाध्यक्ष भी रहे हैं।
मैं नेतृत्व के प्रति आभार प्रकट करता हूं
बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर दिलीप जायसवाल ने कहा कि, मीडिया से जानकारी मिली है कि, राष्ट्रीय नेतृत्व ने मुझे बिहार बीजेपी अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है। मैं नेतृत्व के प्रति आभार प्रकट करता हूं। इसके साथ ही उन्होंने आगे कहा कि, मेरी एक ही प्राथमिकता होगी कि, संगठन को मजबूत करूं। कार्यकर्ताओं को सम्मान देते हुए आगामी 2025 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में एनडीए की मजबूत सरकार बने।
मुझे कार्यकर्ताओं को सम्मान देना है
वहीं जब पत्रकारों के द्वारा रोडमैप के बारे में प्रदेश अध्यक्ष जायसवाल से पूछा तो इसके जवाब में उन्होंने कहा कि, मुझे पूर्ववर्ती बिहार बीजेपी अध्यक्ष सम्राट चौधरी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बताए रास्ते, उनके प्रबंधन, और उनकी सोच को आगे बढ़ाना है और पार्टी को मजबूत बनाना है। कार्यकर्ताओं को सम्मान देना है।
Comments (0)