बीजेपी नेता अमित शाह ने कांग्रेस के शासनकाल को कट, कमीशन, और करप्शन से भरा हुआ बताया और कहा कि, उस समय डीलर, दलाल और दामादों का दबदबा था। लेकिन भाजपा सरकार में न डीलर बचे, न दलाल, और दामाद का तो सवाल ही नहीं है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, राहुल गांधी को किसी ने समझाया कि, MSP (न्यूनतम समर्थन मूल्य) का जिक्र करने से वोट मिलेंगे, लेकिन क्या उन्हें इसका फुलफॉर्म भी पता है, रबी और खरीफ फसलों का अंतर पता है ?
रेवाड़ी में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर आरोप लगाया कि, वो MSP के नाम पर किसानों को गुमराह कर रही है, जबकि हरियाणा की भाजपा सरकार 24 फसलों को MSP पर खरीद रही है। बीजेपी नेता शाह ने कांग्रेस से पूछा कि उनकी कोई सरकार 24 फसलें MSP पर खरीद रही है या नहीं।
वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी के विदेशी धरती पर दिए गए बयानों पर भी केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आलोचना की। बीजेपी नेता शाह ने कहा कि, राहुल गांधी विदेश जाकर कहते हैं कि, कांग्रेस आरक्षण खत्म कर देगी। जबकि राहुल गांधी लोकसभा चुनाव के समय भारतीय जनता पार्टी पर आरक्षण खत्म करने का आरोप लगाते थे।
अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वन रैंक-वन पेंशन (OROP) योजना का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस 40 सालों तक इसे लागू नहीं कर पाई, जबकि मोदी सरकार ने इस मांग को पूरा किया। उन्होंने यह भी बताया कि एक महीने पहले OROP का तीसरा वर्जन भी लागू किया जा चुका है। शाह ने सभा में भाजपा सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कांग्रेस पर भ्रष्टाचार और गलत राजनीति का आरोप लगाया।
Comments (0)